Fact Check: अस्पताल के बेड पर जंजीरों से बंधी बुजुर्ग की तस्वीर फादर स्टेन स्वामी की है? क्या है सच?
नई दिल्ली, 06 जुलाई। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग व्यक्ति की तस्वीर वायरल हो रही है, जो कि अस्पताल के बेड पर बैठे हुए हैं और उनके पैर जंजीरों से बंधें हैं। उस बुजुर्ग को भीमा कोरेगांव हिंसा के आरोपी फादर स्टेन स्वामी कहा जा रहा है, जो कि सरासर गलत है। मालूम हो कि 84 वर्षीय फादर स्टेन स्वामी की 3 जुलाई, 2021 को हृदयगति रूक जाने से मौत हो गई है। वायरल फोटो में बुजुर्ग के मुंह पर ऑक्सीजन मास्क लगा हुआ है और उसके पैर जंजीरों से बंधे हैं। फोटो की कैप्शन में लिखा है कि "फादर स्टेन स्वामी का आज दोपहर 1.30 बजे निधन हो गया, होली फैमिली अस्पताल से डॉ. डिसूजा ने बॉम्बे हाईकोर्ट को ये कहा है"।

गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर तस्वीर का सच सामने आया है। आपको बता दें कि तस्वीर में दिख रहा बुजुर्ग फादर स्वामी नहीं बल्कि बूढ़ा बाबूराम बलवान सिंह (92) है, जो कि हत्या के केस में सजायाफ्ता है। मई 2021 में उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके बाद उसे उत्तर प्रदेश के एटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ये तस्वीर उसी वक्त की है, उसे इलाज के दौरान जंजीरों से बांधा गया था। ये तस्वीर उस वक्त भी वायरल हुई थी, जिसके बाद उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त महानिदेशक आनंद कुमार ने वार्डन अशोक यादव को सस्पेंड करने का आदेश दिया था और इस तस्वीर के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था।
मालूम हो कि बाबूराम सिंह हत्या के मामले में दोषी पाए जाने के बाद 6 फरवरी, 2021 को एटा जेल लाया गया था, वो कुल्ला हबीबपुर गांव का निवासी है। तस्वीर वायरल होने के बाद एक बार फिर से वो चर्चा में आ गया है।

कौन थे एक्टिविस्ट फादर स्टेन स्वामी?
आपको बता दें कि भीमा कोरेगांव हिंसा से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किए गए एक्टिविस्ट फादर स्टेन स्वामी (84) का निधन हो गया। सोमवार को ही बॉम्बे हाईकोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी थी लेकिन सुनवाई के पहले ही उनकी मौत हो गई। बताते चलें कि स्टेन स्वामी को देश का सबसे उम्रदराज आरोपी कहा जाता था। उनको बहुत सारी स्वास्थ्य संबंधित दिक्कतें थीं इसलिए उनके वकील ने कोर्ट से अपील की थी उनके मामले में जल्द से जल्द सुनवाई की जाए। स्वामी को पिछले साल कोरोना भी हुआ था।

Fact Check
दावा
अस्पताल के बेड पर जंजीरों से बंधी बुजुर्ग की तस्वीर फादर स्टेन स्वामी की बताई जा रही है, जो कि गलत है।
नतीजा
अस्पताल के बेड पर जंजीरों से बंधी बुजुर्ग की तस्वीर फादर स्टेन स्वामी की बताई जा रही है, जो कि गलत है। वायरल तस्वीर बाबूराम सिंह (92) की है, जो कि हत्या के केस में सजायाफ्ता है।












Click it and Unblock the Notifications