'स्त्री 2' के बाद Shraddha Kapoor का बड़ा दांव, बायोपिक 'Eetha' की रिलीज डेट फाइनल, अब ऐसे मचेगा धमाल
Shraddha Kapoor Eetha Release Date: साल 2024 में फिल्म 'स्त्री 2: सरकटे का आतंक' के जरिए बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने वाली एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर अब अपने करियर के सबसे अलग और चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट के साथ दर्शकों के सामने आने जा रही हैं। लंबे समय से चर्चा में बनी उनकी अपकमिंग फिल्म 'ईथा' को लेकर आखिरकार बड़ा अपडेट सामने आ गया है। मेकर्स ने फिल्म की आधिकारिक घोषणा के साथ इसकी स्टारकास्ट, कहानी और रिलीज डेट पर भी मुहर लगा दी है। इस फिल्म के जरिए श्रद्धा कपूर पहली बार एक ऐसी ऐतिहासिक शख्सियत का किरदार निभाती नजर आएंगी, जिसने भारतीय लोक कला को नई पहचान दिलाई थी।
दिनेश विजान और लक्ष्मण उतेकर की हिट जोड़ी फिर आई साथ
फिल्म 'ईथा' को लेकर सबसे खास बात ये है कि इसके पीछे बॉलीवुड की एक सफल क्रिएटिव टीम खड़ी है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं, जिन्होंने हाल के वर्षों में अपनी दमदार फिल्मों से दर्शकों और समीक्षकों दोनों का ध्यान खींचा है। वहीं निर्माण की जिम्मेदारी दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स संभाल रही है, जो पहले भी श्रद्धा कपूर के साथ 'स्त्री 2' जैसी सुपरहिट फिल्म दे चुकी है। ऐसे में फिल्म को लेकर इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।

रक्षाबंधन पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी 'ईथा'
मेकर्स के मुताबिक 'ईथा' आगामी 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात ये है कि फिल्म रक्षाबंधन के त्योहार के आसपास रिलीज हो रही है, जिसका फायदा बॉक्स ऑफिस पर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मेकर्स ने इसे एक भावनात्मक, साहसी और प्रेरणादायक कहानी बताया है।
कौन थीं विठाबाई नारायणगांवकर, जिनकी कहानी पर्दे पर लाएंगी श्रद्धा कपूर?
-'ईथा' कोई काल्पनिक कहानी नहीं बल्कि महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित बायोपिक है। भारतीय लोक रंगमंच की दुनिया में विठाबाई का नाम बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है।
-विठाबाई नारायणगांवकर का जन्म जुलाई 1935 में महाराष्ट्र के पंढरपुर इलाके में हुआ था। पारंपरिक लोक संगीत से जुड़े परिवार में पली-बढ़ीं विठाबाई ने बहुत कम उम्र में मंच पर कदम रखा और बाद में तमाशा और लावणी कला की सबसे प्रभावशाली कलाकारों में शुमार हुईं।
-विठाबाई नारायणगांवकर की एनर्जी से भरी परफॉर्मेंस, दमदार आवाज और स्टेज पर प्रभावशाली उपस्थिति ने उन्हें लोककला की दुनिया का बड़ा स्टार बना दिया था। कला क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें दो बार राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
पांच दशकों के संघर्ष और सफलता की कहानी
फिल्म की कहानी केवल विठाबाई की उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहेगी। इसमें 1940 के दशक से लेकर 1990 के दशक तक का उनका लंबा सफर दिखाया जाएगा। एक महिला लोक कलाकार के रूप में उन्होंने जिन सामाजिक चुनौतियों, संघर्षों और कठिन परिस्थितियों का सामना किया था, फिल्म उन पहलुओं को भी सामने लाएगी। यही वजह है कि इसे श्रद्धा कपूर के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।
संगीत में होगा लोक संस्कृति का रंग
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल को सौंपी गई है। चूंकि कहानी लावणी और तमाशा कला से जुड़ी है, इसलिए संगीत फिल्म का सबसे अहम हिस्सा माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि पारंपरिक लोक धुनों और आधुनिक प्रस्तुति का मेल दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देगा।
बॉक्स ऑफिस पर मिलेगी कड़ी चुनौती
हालांकि 'ईथा' के लिए रिलीज का रास्ता पूरी तरह आसान नहीं होगा। 28 अगस्त 2026 के वीकेंड पर दो और बड़ी फिल्में भी सिनेमाघरों में दस्तक देने की तैयारी में हैं। एक तरफ सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की सुपरनेचुरल थ्रिलर 'व्वान' दर्शकों को आकर्षित करेगी, वहीं दूसरी ओर चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'खोसला का घोसला 2.0' भी रिलीज होने वाली है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
श्रद्धा कपूर की झोली में कई बड़े प्रोजेक्ट्स
'ईथा' के अलावा श्रद्धा कपूर के पास आने वाले समय में कई दिलचस्प प्रोजेक्ट्स मौजूद हैं। चर्चा है कि वह निर्देशक राही अनिल बर्वे की अगली फिल्म में नजर आएंगी। इसके अलावा एकता कपूर के साथ उनकी मल्टी-फिल्म डील भी सुर्खियों में है। मीडिया में रिपोर्ट्स ये भी कहा जा रहा है कि आदित्य रॉय कपूर के साथ उनकी सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट सकती है। वहीं 'धूम 4' और रणबीर कपूर के साथ संभावित नए प्रोजेक्ट को लेकर भी चर्चाएं लगातार जारी हैं।
'स्त्री' यूनिवर्स में भी जारी रहेगा सफर
श्रद्धा कपूर का नाम मैडॉक के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स का अहम हिस्सा बन चुका है। 'स्त्री 2' के अंत ने साफ संकेत दिया था कि कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले समय में 'स्त्री 3' और इस यूनिवर्स की अन्य फिल्मों में भी श्रद्धा कपूर की मौजूदगी देखने को मिल सकती है।
फिल्मों के बाहर भी चर्चा में रहीं श्रद्धा कपूर
-फिल्मी दुनिया के अलावा श्रद्धा कपूर हाल ही में अपने प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म लिंक्डइन डेब्यू को लेकर भी चर्चा में थीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपने शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए बताया था कि फिल्मों में आने से पहले पढ़ाई के दौरान उन्होंने कॉफी शॉप बरिस्ता में पार्ट-टाइम नौकरी भी की थी।
-'स्त्री 2' की ऐतिहासिक सफलता के बाद 'ईथा' श्रद्धा कपूर के करियर का सबसे बड़ा पड़ाव साबित हो सकती है। ये फिल्म न सिर्फ उनकी अभिनय क्षमता की परीक्षा लेगी बल्कि दर्शकों को भारतीय लोक संस्कृति और एक प्रेरणादायक महिला कलाकार की अनकही कहानी से भी रूबरू कराएगी। अब सभी की निगाहें 28 अगस्त 2026 पर टिकी हैं, कपूर जब श्रद्धा एक बिल्कुल नए अवतार में बड़े पर्दे पर नजर आएंगी।












Click it and Unblock the Notifications