Ramayana Advance Booking: रिलीज से पहले रणबीर कपूर की 'रामायण' ने मचाया धमाल, एडवांस बुकिंग में 20 Cr की कमाई
Ramayana Advance Booking: सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही भव्य फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसका असर अब एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में भी नजर आने लगा है। रिलीज से पहले ही फिल्म की प्री-सेल्स ने रफ्तार पकड़ ली है और इसकी कमाई 20 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है। भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। आइए जानते हैं अब तक 'रामायण' की एडवांस बुकिंग का पूरा हाल।
रिलीज से पहले 'रामायण' की एडवांस बुकिंग ने पकड़ी रफ्तार
नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। फिल्म की रिलीज में अभी पांच दिन बाकी हैं लेकिन इसकी एडवांस बुकिंग के आंकड़े पहले से ही काफी मजबूत दिखाई दे रहे हैं।

फिल्म की एडवांस बुकिंग से 19.61 करोड़ रुपये का कलेक्शन
-सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक आज यानी 31 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक फिल्म के लिए 9,264 शोज में करीब 4.05 लाख टिकटों की बिक्री हो चुकी है। ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर फिल्म की एडवांस बुकिंग से लगभग 19.61 करोड़ रुपये का कलेक्शन हो गया है।
-वहीं ब्लॉक सीटों को हटाकर देखें तो इसकी प्री-सेल्स से करीब 16.31 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। ये आंकड़े बताते हैं कि फिल्म को लेकर सिनेमाघरों में दर्शकों की दिलचस्पी काफी ज्यादा है। हालांकि रिलीज से पहले बुकिंग के आंकड़ों में अभी और इजाफा होने की संभावना है।
कर्नाटक में सबसे ज्यादा कमाई, दिल्ली-NCR भी आगे
-फिल्म की पहले दिन की एडवांस बुकिंग में अलग-अलग राज्यों और शहरों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। राज्यवार आंकड़ों पर नजर डालें तो कर्नाटक फिलहाल सबसे आगे है। यहां से फिल्म ने पहले दिन की प्री-सेल्स में लगभग 3.89 करोड़ रुपये जुटाए हैं। ये कुल एडवांस बुकिंग कलेक्शन का करीब 20 प्रतिशत है।
-महाराष्ट्र भी इस मामले में पीछे नहीं है। राज्य में फिल्म की एडवांस बुकिंग से लगभग 3.85 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई है। वहीं शहरों की बात करें तो नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) सबसे आगे नजर आ रहा है। यहां पहले दिन के लिए टिकटों की बिक्री से करीब 3.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ है।
हिंदी वर्जन को मिल रहा सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स
-'रामायण' की घरेलू एडवांस बुकिंग में हिंदी वर्जन का योगदान सबसे बड़ा है। पहले दिन की प्री-सेल्स में हिंदी भाषा की हिस्सेदारी करीब 83 प्रतिशत बताई जा रही है। इस वर्जन से अब तक लगभग 16.28 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है। वहीं कन्नड़ वर्जन भी दर्शकों को आकर्षित कर रहा है। इसकी प्री-सेल्स से करीब 2.56 करोड़ रुपये की कमाई हुई है और यह दूसरे स्थान पर है।
-दूसरी ओर फिल्म के अंग्रेजी डब वर्जन को लेकर एआई के इस्तेमाल पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि अलग-अलग भाषाओं में फिल्म को दोबारा शूट किए बिना किरदारों को अंग्रेजी बोलते हुए दिखाने के लिए एआई तकनीक का सहारा लिया गया है। इस मुद्दे पर चर्चा के बावजूद फिल्म की एडवांस बुकिंग पर फिलहाल अच्छा असर दिखाई दे रहा है।
विदेशी बाजारों में भी 'रामायण' की मजबूत पकड़
-भारत ही नहीं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी 'रामायण' की एडवांस बुकिंग को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म्स डिस्कोर्स की रिपोर्ट के अनुसार 30 अक्टूबर 2026 तक दुनियाभर के विदेशी बाजारों में फिल्म की कुल एडवांस बुकिंग लगभग 3.45 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गई थी।
-इसमें नॉर्थ अमेरिका सबसे बड़ा बाजार बनकर उभरा है। अमेरिका और कनाडा को मिलाकर यहां फिल्म की प्री-सेल्स करीब 2.58 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताई गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये अब तक की सबसे बड़ी प्री-सेल है।
-यूके और आयरलैंड में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इन बाजारों में एडवांस बुकिंग से लगभग 351,200 अमेरिकी डॉलर जुटाए गए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में ये आंकड़ा करीब 313,000 अमेरिकी डॉलर है। इस तरह विदेशी बाजारों में नॉर्थ अमेरिका, यूके-आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड फिल्म के प्रमुख बाजार बने हुए हैं।
'रामायण' को मिला 'U' सर्टिफिकेट, जानें कितना है रनटाइम
सिनेमाघरों में रिलीज से पहले फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से भी मंजूरी मिल गई है। 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' के हिंदी वर्जन को 'U' सर्टिफिके दिया गया है। फिल्म का रनटाइम 195 मिनट रखा गया है यानी दर्शकों को बड़े पर्दे पर इसकी कहानी देखने के लिए करीब 3 घंटे 15 मिनट बिताने होंगे। भव्य स्तर पर तैयार की गई इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
क्या बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बनाएगी 'रामायण'?
रणबीर कपूर और यश की इस फिल्म को रिलीज से पहले जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उसने बॉक्स ऑफिस पर इसकी संभावनाओं को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। भारत में मजबूत एडवांस बुकिंग और विदेशी बाजारों में शानदार प्री-सेल्स फिल्म के लिए सकारात्मक संकेत हैं। अब देखना होगा कि 5 नवंबर 2026 को रिलीज के बाद 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा कारोबार करती है और क्या ये भारतीय सिनेमा के लिए कोई नया रिकॉर्ड बना पाती है।


Click it and Unblock the Notifications
