बिहार में 4 अभ्यर्थियों के हाथ लगा लीक हुआ NEET का पेपर, किसने किया कितना स्कोर?
NEET UG Paper Leak: देश में इस वक्त नीट (NEET-UG) परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक का मुद्दा गरमाया हुआ है। बिहार से पेपर लीक होने का मामला सामने आया था। इस में 4 उम्मीदवारों को पेपर लीक में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पेपर लीक का आरोप झेल रहे चारों उम्मीदवारों के मार्क्स अब सामने आया हैं। उन चारों को बिहार में NEET-UG प्रश्न पत्र लीक मामले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। चारों आरोपियों के स्वीकारोक्ति पत्र के अनुसार, प्रश्न पत्र लीक करने वाले गिरोह ने 32 लाख रुपये तक वसूले थे।

चार नीट उम्मीदवारों ने कबूल किया है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा का प्रश्न पत्र 5 मई की परीक्षा की पूर्व संध्या पर लीक हो गया था। अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि वास्तविक परीक्षा में भी वही प्रश्न आए थे।
बिहार के दानापुर टाउन काउंसिल के जूनियर इंजीनियर सिकंदर प्रसाद यादवेंदु को इस लीक का मास्टरमाइंड माना जाता है। यादवेंदु ने अपने भतीजे अनुराग यादव को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दावा किया है कि यादवेंदु का संबंध राजद नेता तेजस्वी यादव से जुड़े अधिकारियों से था।
पेपर लीक में शामिल अभ्यर्थियों को मिले कितने अंक?
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, पेपर लीक में शामिल अनुराग ने 720 में से 185 अंक हासिल किए हैं। उनका कुल प्रतिशत स्कोर 54.84 है। हालांकि, व्यक्तिगत विषयों में उसके अंक हैरान करने वाले हैं। जहां अनुराग ने फिजिक्स में 85.82 परसेंटाइल और बायोलॉजी में 51.04 परसेंटाइल स्कोर किया, वहीं केमिस्ट्री में उनके अंक 5.04 परसेंटाइल से भी कम हैं। अनुराग ने अखिल भारतीय रैंक 10,51,525 हासिल की और ओबीसी उम्मीदवार के रूप में उनकी श्रेणी रैंक 4,67,824 है।
एक अन्य उम्मीदवार आयुष राज ने 720 में से 300 अंक हासिल किए। उनका कुल प्रतिशत 73.36 है। अनुराग की तरह, उनके व्यक्तिगत स्कोर बेमेल दिखते हैं। आयुष को बायोलॉजी में 87.80 परसेंटाइल, लेकिन फिजिक्स और केमिस्ट्री में 15.52 और 15.36 परसेंटाइल मिले हैं।
हालांकि, अन्य दो छात्रों ने सभी विषयों में अच्छा प्रदर्शन किया, जैसा कि उनके स्कोरकार्ड से पता चलता है। अभिषेक कुमार को जहां 720 में से 581 अंक मिले, वहीं शिवनंदन कुमार को 720 में से 483 अंक मिले।
अभिषेक कुमार के विषयवार अंक बताते हैं कि उन्हें भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीवविज्ञान में क्रमशः 96.40, 95.99 और 90.92 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। उनका कुल परसेंटाइल 95.56 है। शिवनंदन को फिजिक्स में 89.75, केमिस्ट्री में 86.02 और बायोलॉजी में 90.27 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। उनका कुल परसेंटाइल 89.89 है।












Click it and Unblock the Notifications