AI से नहीं चला काम, Klarna को फिर से पड़ी इंसानों की जरूरत! 2 साल पहले की थी छंटनी, अब करेगी हायरिंग
Klarna: कहते हैं कि तकनीक इंसानी काम को आसान बना सकती है, लेकिन पूरी तरह इंसानों की जगह नहीं ले सकती। यही बात अब एक बड़ी फिनटेक कंपनी ने भी महसूस की है। स्वीडन की जानी-मानी कंपनी Klarna ने दो साल पहले ऐसा फैसला लिया था, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा।
कंपनी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर भरोसा करते हुए बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी कर दी थी। कंपनी का मानना था कि मशीनें इंसानों की तरह ही काम कर सकती हैं और इससे लागत भी बचेगी। लेकिन अब उन्हें अपना फैसला बदलना पड़ रहा है।

Klarna ने 2023 में तो पूरी तरह से नई भर्ती पर रोक लगा दी थी और OpenAI जैसी तकनीकी कंपनियों के साथ मिलकर अपने अधिकतर कस्टमर सर्विस से जुड़े काम ऑटोमेशन के जरिए करवाने शुरू कर दिए। उस समय कंपनी के CEO सेबास्टियन सिएमियाटकोव्स्की ने कहा था कि AI अब इंसानों की तरह काम कर सकता है, और इसी से लाखों डॉलर की बचत भी हो रही है।
ये भी पढ़ें: भारत-तुर्की संबंधों में तनाव के बीच सेलेबी की सेवाएं समाप्त, सुरक्षा मंजूरी रद्द होने पर कंपनी पहुँची अदालत
लेकिन अब Klarna को अपनी गलती का एहसास हो गया है। कंपनी मान रही है कि सिर्फ मशीनों के भरोसे ग्राहक सेवा को संभालना आसान नहीं है, और अब वो दोबारा इंसानों को वापस लाने की तैयारी में है।
CEO ने कहा था- AI कर रहा है 700 लोगों का काम
Klarna के CEO ने पहले कहा था कि उनके AI सिस्टम 700 कस्टमर सर्विस एजेंट्स के बराबर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया था कि कंपनी ने अनुवाद, आर्टवर्क और डेटा एनालिसिस जैसे कामों में करीब 10 मिलियन डॉलर बचाए हैं।
AI की गुणवत्ता से नहीं मिले उम्मीद के नतीजे
हाल ही में एक इंटरव्यू में Klarna के CEO ने माना कि AI से किया गया काम उतना अच्छा नहीं रहा जितना सोचा गया था। उन्होंने कहा, "अगर आप केवल लागत बचाने के नजरिए से काम करते हैं, तो आखिरकार गुणवत्ता पर असर पड़ता है।"
उन्होंने आगे कहा कि "किसी भी ग्राहक के लिए यह भरोसा जरूरी है कि जरूरत पड़ने पर उसे इंसान से बात करने का विकल्प मिलेगा।"
फिर से होगी भर्ती, कस्टमर केयर में इंसानों की वापसी
अब कंपनी फिर से लोगों को नौकरी पर रखने की तैयारी कर रही है, खासकर ग्राहक सेवा जैसे विभागों में जहां समझदारी, संवेदनशीलता और अनुभव की जरूरत होती है। रिपोर्ट के मुताबिक Klarna एक नया मॉडल भी आजमा रही है, जिसमें लोग रिमोट यानी घर से काम कर सकेंगे।
कर्मचारियों की संख्या में आई बड़ी गिरावट
कंपनी के IPO दस्तावेजों के अनुसार, 2022 में Klarna के पास 5,500 कर्मचारी थे, जो 2024 के आखिर तक घटकर सिर्फ 3,400 रह गए।
'Buy Now, Pay Later' सुविधा के लिए जानी जाती है Klarna
Klarna एक फिनटेक कंपनी है जो ग्राहकों को "Buy Now, Pay Later" यानी पहले खरीदो, बाद में पेमेंट करने की सुविधा देती है। इसके तहत ग्राहक 30 दिन बाद पैसे का भुगतान कर सकते हैं या बिना ब्याज के चार किस्तों में भी अमाउंट पे कर सकते हैं।
अब जब Klarna दोबारा इंसानों की अहमियत को समझ रही है, तो यह सवाल भी खड़ा होता है - क्या AI वास्तव में इंसानी सेवा की जगह ले सकता है? शायद नहीं, और यही सच्चाई Klarna अब अपने अनुभव से सीख रही है!
ये भी पढ़ें: 'AI इन इंडिया' मिशन से भारत बनेगा टेक्नोलॉजी में ग्लोबल लीडर', YUGM कॉन्क्लेव में बोले PM Modi












Click it and Unblock the Notifications