HSSC CET: हरियाणा CET परीक्षा 26-27 जुलाई को, एग्जाम में क्या ले जा सकते हैं क्या नहीं? चेक करें ड्रेस कोड
Haryana CET: हरियाणा में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए अगली दो तारीखें बेहद अहम होने वाली हैं। 26 और 27 जुलाई को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की ओर से कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) आयोजित किया जा रहा है, जो कई विभागों की भर्तियों का पहला पड़ाव है। यह परीक्षा राज्यभर के 1,338 सेंटरों पर चार शिफ्टों में आयोजित होगी और इसके लिए सरकार ने यात्रा से लेकर सुरक्षा तक के सभी इंतजाम कर लिए हैं।
परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह परीक्षा दोनों दिनों में दो-दो शिफ्ट में ली जाएगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 9,045 रोडवेज और प्राइवेट बसों का इंतजाम किया गया है। इस बार परीक्षा प्रक्रिया में कई अहम बदलाव भी किए गए हैं, जिनके बारे में हर उम्मीदवार को जानना जरूरी है। चाहे वो परीक्षा केंद्र का ड्रेस कोड हो, एडमिट कार्ड से जुड़ी शर्तें हों या नेगेटिव मार्किंग का नया नियम।

शिफ्ट और टाइम
- पहली शिफ्ट: सुबह 10:00 से 11:45 बजे तक
- दूसरी शिफ्ट: दोपहर 3:15 से शाम 5:00 बजे तक
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं।
ये भी पढ़ें: UP Board Compartment Exams 2025: 26 जुलाई से 10वीं-12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा, चेक करें जरूरी डिटेल्स
क्या है एडमिट कार्ड और पहचान पत्र से जुड़ी शर्तें?
- अभ्यर्थी को कलर प्रिंट वाला एडमिट कार्ड साथ लाना होगा। ब्लैक एंड व्हाइट एडमिट कार्ड मान्य नहीं होगा।
- एडमिट कार्ड पर नवीनतम रंगीन फोटो होनी चाहिए जो स्वयं प्रमाणित (Self-attested) हो।
- साथ में ऑरिजनल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी या पासपोर्ट लाना अनिवार्य है।
क्या-क्या लेकर नहीं जाना है परीक्षा केंद्र?
- कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जैसे मोबाइल, स्मार्टवॉच, ईयरफोन आदि प्रतिबंधित हैं।
- गहने या मेटल की चीजें जैसे चेन, कड़ा, अंगूठी, बाली आदि पहनना मना है।
- स्टेशनरी जैसे पेन, पेंसिल, रबड़ आदि भी न ले जाएं। परीक्षा केंद्र पर पेन उपलब्ध कराया जाएगा।
ड्रेस कोड में धार्मिक छूट
- आयोग ने कोई निर्धारित ड्रेस कोड तो लागू नहीं किया, लेकिन मेटल वाली चीजें पहनने से मना किया गया है।
- अमृतधारी सिख और महिलाएं जो धार्मिक प्रतीकों जैसे कि कृपाण या मंगलसूत्र पहनते हैं, उन्हें आधा घंटा पहले रिपोर्ट करने को कहा गया है ताकि अतिरिक्त जांच की जा सके।
परीक्षा हॉल में पालन करें ये नियम
- हर परीक्षा हॉल में दीवार घड़ी उपलब्ध होगी, इसलिए हाथ में घड़ी पहनकर आने की जरूरत नहीं है।
- पेपर शुरू होने के पहले 5 मिनट के अंदर टेस्ट बुकलेट और ओएमआर शीट की जानकारी जरूर जांच लें।
- परीक्षा पूरी होने तक कोई भी छात्र हॉल से बाहर नहीं जा सकेगा। ओएमआर शीट और आयोग की कॉपी जमा कर ही परीक्षा केंद्र से बाहर जाना होगा।
परीक्षा पैटर्न और मार्किंग सिस्टम
- प्रश्नों की संख्या: 100
- कुल अंक: 100
- समय: 1 घंटा 45 मिनट
न्यूनतम पासिंग मार्क्स:
- सामान्य वर्ग - 50%
- आरक्षित वर्ग - 40%
अगर किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहते हैं, तो 5वां गोला भरना जरूरी होगा। अन्यथा 0.95 नंबर कटेंगे।
परीक्षा से जुड़ी कुछ और अहम बातें
- यह CET वैधता के लिहाज से 3 साल तक मान्य होगा।
- इस बार पदों की संख्या से 10 गुना उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जो पहले 4 गुना होता था।
- इस बार सामाजिक-आर्थिक आधार पर मिलने वाले 5 अतिरिक्त अंक नहीं मिलेंगे।
- हरियाणा पुलिस, जेल विभाग और होमगार्ड की भर्तियां भी अब इसी CET के आधार पर होंगी।
- परीक्षा से पहले अपने परीक्षा केंद्र का पता और लोकेशन जरूर जांच लें।
ये भी पढ़ें: DU UG Admissions 2025: दिल्ली यूनिवर्सिटी के टॉप कॉलेज में B.Com-B.Sc की सीटें खाली, कैसे मिलेगा दाखिला?












Click it and Unblock the Notifications