JEE मेन में 100 परसेंटाइल, एडवांस्ड में AIR 2! हिसार के सक्षम जिंदल ने किया कमाल, जानिए कैसे की थी तैयारी
Saksham Jindal AIR 2 JEE Advanced 2025: हर साल लाखों छात्र IIT में दाखिले के अपने सपने को पूरा करने के लिए जेईई एडवांस्ड परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन चुनिंदा ही ऐसे होते हैं जो इस चुनौती को पार कर पाते हैं। इस साल भी लाखों छात्रों के लिए ये दिन बेहद खास रहा, जब जेईई एडवांस्ड 2025 का रिजल्ट घोषित हुआ। इस परीक्षा में हरियाणा के हिसार से ताल्लुक रखने वाले सक्षम जिंदल ने कमाल कर दिया।
उन्होंने पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल किया और यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम पाया जा सकता है। उनके शानदार प्रदर्शन ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे राज्य को गर्व महसूस कराया है। वहीं, आईआईटी दिल्ली ज़ोन के रजित गुप्ता देशभर में पहले स्थान पर रहे।

आईआईटी दिल्ली जोन के राजित गुप्ता टॉपर
आईआईटी कानपुर ने आज सुबह जेईई एडवांस्ड 2025 के नतीजे घोषित किए। इसमें राजित गुप्ता ने टॉप किया है। राजित ने 360 में से 332 अंक प्राप्त किए हैं और ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है।
ये भी पढ़ें: राजित गुप्ता बने JEE एडवांस्ड 2025 के टॉपर, मिले कितने मार्क्स? चेक करें इस साल के टॉपर्स की पूरी लिस्ट
हरियाणा के सक्षम जिंदल को मिली ऑल इंडिया रैंक 2
हिसार के रहने वाले सक्षम जिंदल ने पूरे देश में दूसरा स्थान पाया है। उनके पिता डॉ. उमेश जिंदल पेशे से पैथोलॉजिस्ट हैं और मां डॉ. अनिता जिंदल भी डॉक्टर हैं। परिवार के मेडिकल बैकग्राउंड के बावजूद सक्षम की रुचि बचपन से ही गणित में रही, और उन्होंने इंजीनियरिंग को अपना करियर बनाने का फैसला किया।
कोटा में रहकर की कड़ी तैयारी
17 वर्षीय सक्षम जेईई की तैयारी के लिए राजस्थान के कोटा शहर गए, जो देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जाना जाता है। उन्होंने जेईई मेन 2025 के पहले सेशन में 295/300 अंक प्राप्त कर 100 परसेंटाइल हासिल किया था।
हर हफ्ते टेस्ट और डाउट सेशन से मिली मजबूती
सक्षम ने बताया कि उनकी तैयारी में साप्ताहिक टेस्ट और नियमित डाउट क्लियरिंग सेशन ने बड़ा योगदान दिया। उन्होंने कहा,"हर हफ्ते टेस्ट देने से मेरी परफॉर्मेंस बेहतर होती गई और डाउट क्लियर करने से विषयों की पकड़ मजबूत हुई।"
फोन और सोशल मीडिया को रखा कंट्रोल में
सक्षम ने सोशल मीडिया और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी सीमित किया। उन्होंने कहा, "मैं एंटरटेनमेंट से दूर नहीं था, लेकिन हर चीज एक टाइमर के साथ करता था ताकि फोकस बना रहे।"
केमिस्ट्री के लिए सिर्फ एनसीईआरटी को बताया सबसे उपयोगी
सक्षम ने बताया कि उन्होंने केमिस्ट्री की तैयारी के लिए केवल एनसीईआरटी की किताबों पर भरोसा किया। उन्होंने कहा, "अतिरिक्त रेफरेंस बुक्स की कोई जरूरत नहीं, बार-बार सवालों का अभ्यास ही सबसे अच्छा तरीका है।"
डेढ़ लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने दी परीक्षा
जेईई एडवांस्ड 2025 के लिए इस बार कुल 1,87,223 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 80,442 ने परीक्षा दी। इनमें से सिर्फ 54,378 उम्मीदवार ही सफल हो पाए, जिनमें 44,974 पुरुष और 9,404 महिलाएं शामिल हैं।
महिला वर्ग में देवदत्ता माझी टॉपर
आईआईटी खड़गपुर ज़ोन की देवदत्ता माझी ने महिला वर्ग में टॉप किया है। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 16 प्राप्त की है, जो इस परीक्षा में महिलाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतीक है।
ये भी पढ़ें: टॉपर का बेटा टॉपर!कौन है JEE AIR 1 राजित गुप्ता? 1994 में पिता ने पास की थी IIT परीक्षा, अब बेटे ने रचा इतिहास












Click it and Unblock the Notifications