DU Dress Code: दिल्ली यूनिवर्सिटी में ड्रेस कोड को लेकर विवाद, शॉर्ट्स पर लगा बैन, विरोध में उतरे स्टूडेंट्स
DU St. Stephen's College Bans Shorts: दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ड्रेस कोड को लेकर विवाद शुरू हो गया है। कॉलेज प्रशासन ने नोटिस जारी कर कैंपस के कई हिस्सों में छात्रों के शॉर्ट्स पहनकर आने पर रोक लगा दी है। इस फैसले के बाद कुछ छात्रों ने इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता में दखल बताया, जबकि कई छात्रों का कहना है कि यह नियम पहले से परंपरा का हिस्सा था और अब इसे आधिकारिक रूप दिया गया है।
नए नियम की जानकारी वाला नोटिस कॉलेज परिसर में अलग-अलग जगहों पर लगाया गया है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार छात्र अब कक्षाओं, ट्यूटोरियल रूम, लैब, लाइब्रेरी, असेंबली हॉल, डाइनिंग हॉल और चैपल में शॉर्ट्स पहनकर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। नोटिस पर कॉलेज की नई प्रिंसिपल प्रोफेसर सुसान एलियास के हस्ताक्षर हैं।

छात्रों ने जताया विरोध
नियम लागू होने के पहले ही दिन कुछ छात्र विरोध जताने के लिए शॉर्ट्स पहनकर कॉलेज पहुंचे। उनका कहना है कि कॉलेज छात्रों के पहनावे का फैसला नहीं कर सकता। वहीं कुछ छात्रों का कहना है कि पहले भी ऐसे नियम अनौपचारिक रूप से लागू थे, लेकिन इस बार उन्हें लिखित आदेश का रूप दिया गया है।
ये भी पढ़ें: NEET UG 2026 Seat Upgrade: MCC ने सीट अपग्रेड कराने वालों को दी बड़ी राहत, नहीं लगाने होंगे कॉलेज के चक्कर
इस फैसले का सबसे ज्यादा असर खेल गतिविधियों से जुड़े छात्रों पर पड़ सकता है। कई खिलाड़ी सुबह अभ्यास के बाद सीधे कॉलेज पहुंचते हैं और उस समय वे स्पोर्ट्स किट में होते हैं, जिसमें शॉर्ट्स शामिल रहते हैं। कुछ छात्रों का दावा है कि पहले भी ऐसे छात्रों को डाइनिंग हॉल में प्रवेश नहीं दिया गया था, हालांकि कॉलेज ने इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
अन्य नियम भी किए गए दोबारा लागू
ड्रेस कोड के साथ कॉलेज ने अन्य निर्देश भी जारी किए हैं। पूरे परिसर को धूम्रपान मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है और नियम तोड़ने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही छात्रों को हर समय अपना वैध कॉलेज आईडी कार्ड साथ रखने और डाइनिंग हॉल में प्रवेश के समय उसे दिखाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: DU के कॉलेजों ने किया शिक्षा मंत्री का समर्थन! स्टूडेंट्स के लिए जारी की एडवाइजरी, भड़का DTF


Click it and Unblock the Notifications
