DU के कॉलेजों ने किया शिक्षा मंत्री का समर्थन! स्टूडेंट्स के लिए जारी की एडवाइजरी, भड़का DTF
DU Advisory Amid NEET Protest: देशभर में NEET सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े स्तर पर विरोध चल रहा है। विरोध के बीच दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) भी चर्चा में आ गई है। वजह है, यूनिवर्सिटी द्वारा शिक्षा मंत्री के पक्ष में बोलना और छात्रों से शांति बनाए रखने और राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह देना। DU का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा, पढ़ाई और भविष्य सबसे अहम हैं। हालांकि, एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, छात्रों पर कोई रोक नहीं लगाई गई है और न ही कोई आधिकारिक आदेश जारी हुआ है।
दूसरी ओर, कुछ कॉलेज शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में नजर आए, जबकि कई छात्र संगठन प्रदर्शनकारियों के साथ खड़े हैं। इस पूरे मामले ने DU में छात्र अधिकार, लोकतंत्र और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है। विश्वविद्यालय ने कहा कि छात्रों को ऐसे आंदोलनों में शामिल होने से बचना चाहिए, जिनसे उनके लिए परेशानी खड़ी हो सकती है। DU के मुताबिक, वह छात्रों की चिंता और मानसिक तनाव को समझता है। विश्वविद्यालय ने यह भी कहा कि कुछ लोग छात्रों की भावनाओं का अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में छात्रों को पढ़ाई और करियर पर ध्यान देना चाहिए।

DTF ने विश्वविद्यालय के बयान पर जताई आपत्ति
डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (DTF) ने DU की अपील पर सवाल उठाए। संगठन का कहना है कि छात्रों के प्रदर्शन के पीछे मौजूद कारणों और उनके साथ हुई घटनाओं पर विश्वविद्यालय ने साफ बात नहीं की। DTF ने आरोप लगाया कि आंदोलन को 'निहित स्वार्थ' से जोड़ना छात्रों की आवाज को कमजोर करने की कोशिश है।
ये भी पढ़ें: IIT मद्रास में NEET प्रोटेस्ट पर घमासान, CJP आंदोलन-सोनम वांगचुक के सपोर्ट में पोस्ट किए वीडियो कराए डिलीट!
DU में कॉलेज और छात्र संगठन आमने-सामने
श्याम लाल कॉलेज, शहीद भगत सिंह कॉलेज और राजधानी कॉलेज ने शिक्षा मंत्री के समर्थन और NEP 2020 की तारीफ में मैसेज शेयर किए। राजधानी कॉलेज ने बाद में पोस्ट हटाकर खेद जताया। कुछ प्रिंसिपल्स ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने, अफवाहों और हिंसा से दूर रहने की अपील की। वहीं, सेंट स्टीफंस कॉलेज के सिविल सर्विसेज फोरम, श्री वेंकटेश्वर कॉलेज की क्विज सोसायटी और शिवाजी कॉलेज छात्रसंघ समेत कई छात्र समूहों ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया।
पेपर लीक और NEET को लेकर शुरू हुआ विरोध
दिल्ली में प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपों और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ। बाद में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अनशन के दौरान अस्पताल ले जाने और संसद मार्च के समय पुलिस कार्रवाई के बाद आंदोलन को और समर्थन मिला। इसके बाद दूसरे शहरों में भी प्रदर्शन तेज हुए।
JNU छात्रसंघ ने आरोप लगाया कि संसद मार्च के दिन छात्रों को कैंपस से बाहर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई और रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई। वहीं, IIT रुड़की ने छात्रों और कर्मचारियों को राजनीतिक आंदोलनों से दूर रहने की सलाह दी। बाद में संस्थान ने इसे सामान्य एडवाइजरी बताया।


Click it and Unblock the Notifications
