DU Admission: क्या आपने लॉक की अपनी कॉलेज-कोर्स की पसंद? 11 जुलाई के बाद नहीं मिलेगा मौका, देखें पूरा शेड्यूल
Delhi University Admission Update: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU Admission) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (UG Admission) दाखिले को लेकर छात्रों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) के जरिए चल रही प्रवेश प्रक्रिया में अब तक बड़ी संख्या में अभ्यर्थी हिस्सा ले चुके हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक पहले चरण में 1,42,733 से ज्यादा उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
वहीं दूसरे चरण की शुरुआत के बाद 43,547 से अधिक छात्र अपने पसंदीदा कॉलेज और कोर्स का चयन भी कर चुके हैं। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक अपनी प्राथमिकताएं नहीं भरी हैं, उनके पास यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए सीमित समय बचा है। अगर आप भी उन स्टूडेंट्स की लिस्ट में हैं तो जल्द से जल्द प्रोसेस कंपलिट करें। एडमिशन प्रोसेस से जुड़ी तमाम जानकारी नीचे इस आर्टिकल में दी गई है।

11 जुलाई तक भरनी होगी कॉलेज और कोर्स की पसंद
सीएसएएस के दूसरे चरण में उम्मीदवारों को अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स चुनने का मौका दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने इसके लिए 11 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक का समय तय किया है। प्राथमिकताएं दर्ज करने से पहले छात्रों को कक्षा 12 में पढ़े गए विषयों का CUET UG 2026 में दिए गए संबंधित विषयों से मिलान करना होगा। विषयों की मैपिंग पूरी होने के बाद ही उम्मीदवार अपनी पसंद लॉक कर सकेंगे। यह प्रक्रिया पूरी किए बिना आगे सीट आवंटन में शामिल नहीं हुआ जा सकेगा।
ये भी पढ़ें: Delhi University में CSAS फेज-2 की प्रक्रिया शुरू, चेक करें कॉलेज और कोर्स की प्रेफरेंस भरने का पूरा शेड्यूल
67 कॉलेजों में 71 हजार से ज्यादा सीटों पर होगा दाखिला
इस साल दिल्ली यूनिवर्सिटी के 67 कॉलेजों में स्नातक स्तर पर प्रवेश दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय 73 यूजी कोर्स और 100 से ज्यादा बीए प्रोग्राम कॉम्बिनेशन में एडमिशन करेगा। कुल मिलाकर 71 हजार से अधिक सीटों पर दाखिला होगा।
सभी प्रवेश CUET UG 2026 के स्कोर के आधार पर किए जाएंगे, लेकिन उम्मीदवारों को संबंधित कोर्स की पात्रता शर्तें भी पूरी करनी होंगी। केवल अच्छे अंक हासिल करना ही काफी नहीं होगा, बल्कि तय योग्यता भी जरूरी रहेगी।
पहले सिम्युलेटेड रैंक, फिर मिलेगा बदलाव का मौका
सीट आवंटन से पहले विश्वविद्यालय 12 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे सिम्युलेटेड रैंक जारी करेगा। इसका मकसद उम्मीदवारों को यह समझने का मौका देना है कि उनकी मौजूदा प्राथमिकताओं के आधार पर उन्हें किस तरह की सीट मिल सकती है। इसके बाद 13 जुलाई तक छात्र अपनी कॉलेज और कोर्स की पसंद में बदलाव कर सकेंगे। यह मौका उन उम्मीदवारों के लिए अहम होगा जो अपनी प्राथमिकताओं को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करना चाहते हैं।
पहली और दूसरी अलॉटमेंट लिस्ट की तारीखें
दिल्ली यूनिवर्सिटी 16 जुलाई 2026 को पहली सीट अलॉटमेंट सूची जारी करेगी। जिन छात्रों को सीट मिलेगी, उन्हें 18 जुलाई तक उसे स्वीकार करना होगा। इसके बाद संबंधित कॉलेज 20 जुलाई तक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे और पहले राउंड की फीस जमा करने की अंतिम तारीख 21 जुलाई तय की गई है।
वहीं दूसरे राउंड की सीट अलॉटमेंट सूची 25 जुलाई को जारी होगी। इस राउंड में सीट पाने वाले उम्मीदवार 26 जुलाई तक सीट स्वीकार कर सकेंगे, कॉलेज 27 जुलाई तक दस्तावेजों की जांच करेंगे और 28 जुलाई तक फीस जमा करनी होगी।
रजिस्ट्रेशन फीस और नए सत्र की शुरुआत
सीएसएएस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी और PwBD वर्ग के लिए यह शुल्क 100 रुपये रखा गया है। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सभी तय तारीखों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है, क्योंकि समय सीमा समाप्त होने के बाद आवेदन या प्राथमिकताओं में बदलाव का मौका नहीं मिलेगा।
नया शैक्षणिक सत्र 28 जुलाई 2026 से शुरू होगा। विश्वविद्यालय ने यह भी बताया है कि इस बार उम्मीदवारों की मूल जानकारी API Setu के जरिए अपने आप प्राप्त की जा रही है, जिससे डेटा एंट्री की गलतियां कम होंगी और पूरी प्रवेश प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक सुरक्षित और आसान बनेगी।
ये भी पढ़ें: किस तारीख तक जारी होगी Re-NEET UG की फाइनल आंसर की? कब आएगा रिजल्ट? चेक करें लेटेस्ट अपडेट












Click it and Unblock the Notifications