Saturn Horoscope 2021 : कन्या राशि के लिए अच्छा समय
Saturn Horoscope 2021 : वैदिक ज्योतिष में नव ग्रहों में न्यायाधीश की पदवी पर सुशोभित और दुखों के कारक शनि देव 2021 में साल भर मकर राशि में गोचर करेंगे, जो उनकी खुद की राशि है। शनि ने 20 नवंबर, 2020 को मकर में प्रवेश किया था, जिसमें वह 29 अप्रैल, 2022 तक विराजमान रहेंगे। हालांकि शनि नक्षत्र परिवर्तन जरूर करेंगे। वर्ष की शुरुआत में 21 जनवरी तक शनि उत्तर आषाढ़ा नक्षत्र में गोचर करेंगे, जो सूर्य का नक्षत्र है और उसके बाद लगभग 11 महीने श्रवण नक्षत्र में गोचर करेंगे, जो चंद्रमा का नक्षत्र है।
142 दिन वक्री रहेंगे शनि देव
इस साल की खास बात यह है कि शनि लगभग पांच महीने यानी 142 दिन तक वक्री स्थित में रहेंगे। शनि 11 मई, 2021 की सुबह वक्री होंगे और इसके बाद 29 सितंबर की सुबह फिर मार्गी हो जाएंगे। वहीं धनु, मकर और कुम्भ राशि पर साल भर शनि की साढ़े साती का असर भी बना रहेगा। वैदिक ज्योतिष के अनुसार शनि जिस राशि में भ्रमण करते हैं, उस राशि के साथ-साथ अपने से दूसरी और बारहवीं राशि पर साढ़ेसाती का प्रभाव रहता है। वहीं जब चंद्र राशि से शनि चौथे या आठवें भाव में गोचर करते हैं तो लघुकल्याणी ढैय्या लगती है। इस प्रकार वर्ष 2021 में मिथुन और तुला राशियां लघु कल्याणी ढैय्या के प्रभाव में रहेंगी।
शनि का कन्या राशि पर असर
2021 में कन्या राशि के जातकों के लिए शनि देव पंचम भाव में विराजमान रहेंगे। शिक्षा से जुड़े लोगों के लिए शनि की यह स्थिति अच्छी नहीं है, उनकी पढ़ाई में बाधाएं आ सकती हैं। हालांकि, व्यवसाय या नौकरी से जुड़े लोगों के लिए कमाई के नए स्रोत सामने आ सकते हैं। अगर नई नौकरी तलाश रहे हैं या दूसरे शहर में बसने की तैयारी है तो सफलता मिलने की पूरी संभावना है। संतान के विदेश जाने के योग बन सकते हैं। प्रेमी युगलों और विवाह के लिए यह समय अच्छा हो सकता है।