Mangal Gochar 2025: मंगल का हस्त नक्षत्र में गोचर, दिल पर रखें काबू वरना होगा तगड़ा नुकसान
Mangal Gochar 2025: बल, पराक्रम, ऊर्जा, साहस, तकनीक, भूमि का प्रतिनिधि ग्रह मंगल 13 अगस्त को रात्रि में 11 बजकर 32 मिनट पर हस्त नक्षत्र में प्रवेश करने जा रहा है। मंगल 3 सितंबर तक इसी नक्षत्र में रहने वाला है। हस्त चंद्र का नक्षत्र है इसलिए लोगों में भावनाएं अधिक उछाल मारेंगी। लोग इमोशनल होंगे और कई बार इमोशनल होते हुए वे कुछ गलत निर्णय भी ले सकते हैं।
मंगल जब हस्त नक्षत्र में गोचर करता है तब उसमें चंद्र के गुण भी आ जाते हैं और यह मनोभावों को प्रभावित करता है। हालांकि सभी व्यक्ति के लिए यह गोचर एक जैसा हो यह संभव नहीं है क्योंकि सभी की कुंडली में मंगल और चंद्र की स्थितियां अलग-अलग होती हैं।

हस्त के मंगल के सकारात्मक प्रभाव (Mangal Gochar 2025)
मंगल जब-जब हस्त नक्षत्र में गोचर करता है तो व्यक्ति अपने काम पूरे करने के लिए एकदम से सक्रिय हो जाता है। अपने काम पूरे करने की कोशिश उसकी सफल भी होती है। ऐसे समय में व्यक्ति अधिक व्यावहारिक और तार्किक हो जाता है और तेजी से निर्णय लेने लगता है। हालांकि कभी-कभी जल्दबाजी में उसके निर्णय गलत भी हो जाते हैं। इस गोचर के दौरान व्यापार-व्यवसाय में नए प्रोजेक्ट आते हैं या नई डील होने लगती है। नौकरी में प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिलने के योग बनते हैं। व्यक्ति अपने विचारों के प्रति दृढ़ और तटस्थ हो जाता है। साथ ही उसकी चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी बढ़ जाती है। इस दौरान भूमि, भवन, संपत्ति के मामलों में उन्नति होने लगती है।
हस्त के मंगल के नकारात्मक प्रभाव
हस्त नक्षत्र में मंगल के गोचर के कुछ नकारात्मक प्रभाव भी होते हैं। जैसे गुस्सा जल्दी आ जाता है। व्यक्ति की तुनकमिजाजी और किसी को कुछ भी कह देने की आदत से रिश्तों में खटास आ जाती है। पित्त से जुड़ी समस्याएं आने लगती हैं। रक्तचाप से जुड़ी समस्या बढ़ सकती है। खर्च भी बढ़ जाता है। अचानक बड़े खर्च भी आ जाते हैं। वित्तीय जोखिम रहता है। विवाद या कानूनी मुकदमेबाजी होने लगती है।
क्या करें इस दौरान (Mangal Gochar 2025)
मंगल के हस्त नक्षत्र में गोचर के दौरान व्यक्ति को हनुमान चालीसा और शिव चालीसा दोनों का पाठ नियमित रूप से करना चाहिए। लाल चंदन या तांबे का कड़ा पहनने से मंगल के अशुभ प्रभाव कम होते हैं। हनुमान मंदिर में मसूर की दाल, गुड़ या लाल कपड़े दान करना चाहिए। ऊं क्रां क्रीं क्रौं स: भौमाय नम: मंत्र का एक माला जाप नियमित रूप से करें, जब तक मंगल हस्त नक्षत्र में है।












Click it and Unblock the Notifications