कौन हैं राव यादवेंद्र सिंह, जिन्हें कांग्रेस ने गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ उतारा?
Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की बाकी बची 6 सीटों में से 3 पर उम्मीदवार के नामों का ऐलान कर दिया है। गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ राव यादवेंद्र सिंह को टिकट मिला है। राव यादवेंद्र सिंह के जरिए कांग्रेस ने एक मजबूत दांव खेला है।
राव यादवेंद्र सिंह अशोकनगर जिले से आते हैं। वह फिलहाल जिला पंचायत सदस्य हैं। राव यादवेंद्र सिंह पहले भारतीय जनता पार्टी में ही शामिल थे। लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उनके स्वर्गीय पिता देशराज सिंह यादव भाजपा के विधायक रह चुके हैं।

कौन हैं यादवेंद्र सिंह यादव?
राम जन्मभूमि और भारतीय जनता पार्टी की तमाम आंदोलनों की पृष्ठभूमि से गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र में रहने वाले राव देशराज सिंह यादव का नाम आए दिन सुना जाता है। यादवेंद्र सिंह यादव उन्हीं के पुत्र हैं। हाल में हुए विधानसभा चुनाव के लगभग 6 से 7 महीने पहले ही वो भारतीय जनता पार्टी को अलविदा कह कर कांग्रेस में आए थे।
पिछड़ा वर्ग के वोटरों पर नजर
यादवेंद्र सिंह यादव पिछड़ा वर्ग से आते हैं। यही वजह है कि कांग्रेस लोकसभा क्षेत्र के ओबीसी वोटरों को साधने की कोशिश कर रही है
इसके साथ-साथ अब कांग्रेस के पास गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र में सिंधिया को चुनौती देने वाला इससे बेहतर नाम और कोई नहीं है। वीरेंद्र रघुवंशी, जो सिंधिया के घोर विरोधी माने जाते हैं, उन्होंने भी ऐन मौके पर सिंधिया के खिलाफ लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनने से इनकार कर दिया।
परिवार के 6 लोग जनपद सदस्य
बात अगर मौजूदा समय की करें तो खुद यादवेंद्र सिंह यादव जनपद सदस्य हैं। उनकी पत्नी भी जनपद सदस्य हैं और मां और छोटा भाई भी सक्रिय राजनीति में रहकर जिला पंचायत सदस्य के रूप में पॉलिटिक्स कर रहे हैं। बात अगर गुना शिवपुरी संसदीय क्षेत्र की मुंगावली विधानसभा क्षेत्र की करें तो इस विधानसभा क्षेत्र पर इस परिवार की मजबूत पकड़ मानी जाती है।
पिता से सीखी राजनीति
अपने पिता स्वर्गीय राव देशराज सिंह यादव से राजनीति सीख कर राजनीतिक दांव पेंच को यादवेंद्र न केवल भली भांति जानते हैं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की माइक्रो बूथ लेवल चुनावी रणनीति को भी खूब पहचानते हैं। यही वजह है कि कांग्रेस उन्हें सिंधिया के खिलाफ अपना मोहरा बनाकर गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से चुनौती देने का मन बना रही है।












Click it and Unblock the Notifications