भारतवंशी तरुण गुलाटी बन सकते हैं लंदन के मेयर, पाकिस्तानी मूल के सादिक खान को देंगे चुनौती
ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक के बाद अब राजधानी लंदन में भी भारतवंशी को अहम पद मिल सकता है। लंदन के बिजनेसमैन तरुण गुलाटी लंदन के मेयर बन सकते हैं। गुलाटी ने अगले साल मई मही ने होने जा रहे मेयर चुनाव के लिए दावेदारी पेश कर दी है।
तरुण गुलाटी ने उम्मीद जताई है कि वह लंदन के भारतीय मूल के पहले मेयर बन सकते हैं। 63 साल के तरुण गुलाटी ने बीते महीने अपनी जन्मभूमि भारत से मेयर पद की दावेदारी का ऐलान किया था।

उन्होंने कहा कि वह पूरी कोशिश करेंगे कि लंदन दुनिया का शीर्ष वैश्विक शहर बना रहे और लोग यहां सुरक्षित और सशक्त महसूस करें और यहां प्रगति के अवसर मौजूद रहें। तरुण गुलाटी ने कहा कि लंदन में निम्न और मध्यम वर्गीय लोगों के लिए बहुत कुछ किए जाने की जरूरत है। गुलाटी ने उम्मीद जतायी कि वह जो विचार पेश करेंगे, उसे मतदाता पसंद करेंगे।
तरुण गुलाटी ने कहा, "मैं एक संपन्न लंदन का निर्माण करूंगा, विकास की बाधाओं को दूर करूंगा और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करूंगा।" गुलाटी ने कहा कि बतौर लंदन मेयर वह कोशिश करेंगे कि विभिन्न देशों के लोग जो लंदन में रह रहे हैं, उनके बीच एकजुटता हो और लोगों का लोगों से संबंध हो।
लगभग 2 दशकों से लंदन में रह रहे तरुण ने अपनी प्राथमिकताओं में मजबूत पुलिसिंग, किफायती आवास और सभी लंदनवासियों के के सुनहरे भविष्य के लिए जरूरी'सुधार' गिनाए हैं।
तरुण गुलाटी दिल्ली से लेकर मॉरीशस और कतर से लेकर यूके तक विभिन्न स्थानों पर काम कर चुके हैं। तरुण गुलाटी को 2009 में ब्रिटिश नागरिकता मिली थी।
गुलाटी बतौर निर्दलीय चुनाव में उतरने की योजना बना रहे हैं। बता दें कि तरुण गुलाटी का सामना पाकिस्तानी मूल के मौजूदा मेयर सादिक खान से होगा। सादिक खान लेबर पार्टी की तरफ से लंदन लगातार तीसरी बार मेयर बनने की तैयारी कर रहे हैं।
वहीं कंजर्वेटिव पार्टी से सुजैन हिल दावेदारी पेश करेंगी। सुजैन हिल अगर चुनाव जीत जाती हैं तो वह लंदन की पहली महिला मेयर होंगी। लिबरल डेमोक्रेट रॉब ब्लैकी 2 मई, 2024 को होने वाले चुनाव के लिए अन्य उम्मीदवारों में से हैं। लंदन मेयर चुनाव में GBP 10,000 जमा राशि के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि मार्च 2024 है।












Click it and Unblock the Notifications