Tamil Nadu Govt : TVK प्रमुख विजय को मिला 121 विधायकों का समर्थन, कल सीएम पद की लेंगे शपथ

West Bengal Tamil Nadu govt Live Update: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु की राजनीति आज बेहद अहम मोड़ पर पहुंच गई है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी आज बंगाल के नए सीएम बन गए हैं। वहीं तमिलनाडु में सियासी सस्पेंस अभी बरकरार है। टीवीके प्रमुख विजय ने राज्यपाल आरवी आर्लेकर से मुलाकात कर 116 विधायकों के समर्थन का दावा किया है, लेकिन बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े 118 विधायकों से वह अब भी पीछे हैं। ऐसे में विजय का आज शपथ ग्रहण समारोह नहीं होगा।

West Bengal Tamil Nadu govt

तमिलनाडु के नए सरकार बनने पर हर पल के अपडेट के लिए बन रहिए वनइंडिया हिंदी के इस लाइव ब्लॉग पर

LIVE Feed
May 09, 2026, 8:44 PM IST

सीएम के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को तैयार किया जा रहा है। स्टेडियम की बुकिंग पहले ही हो चुकी है और प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी तेजी से प्रगति पर हैं। बताया जा रहा है कि टीवीके प्रमुख विजय दोपहर तीन बजे के बाद शपथ ग्रहण लेंगे।
May 09, 2026, 8:42 PM IST

टीवीके प्रमुख विजय के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अब जोर-शोर से चल रही हैं। उनकी अपार लोकप्रियता और प्रशंसकों की संभावित विशाल भीड़ को देखते हुए, यह आयोजन किसी साधारण राजनीतिक सभा के बजाय एक भव्य फिल्मी ऑडियो लॉन्च जैसा माहौल उत्पन्न कर सकता है।
May 09, 2026, 7:51 PM IST

राज्यपाल ने आखिरकार टीवीके प्रमुख को मुख्‍यमंत्री नियुक्‍त किया।10 मई को दोपहर 3.45 बजे तमिल फिल्‍मों के सुपरस्‍टार विजय थलापति सीएम पद की शपथ लेंगे।
May 09, 2026, 7:47 PM IST

राज्‍यपाल से मिलने पहुंचे TVK प्रमुख विजय थलापति ने 121 विधायकों का समर्थन पेश किया। जिसके बाद अब सरकार बनाने को लेकर बीते तीन दिन से राज्‍य में चल रहा सस्‍पेंस खत्‍म हो गया है।
May 09, 2026, 7:21 PM IST

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के आमंत्रण के बाद उनसे मिलने टीवीके प्रमुख विजय राजभवन पहुंच चुके हैं।
May 09, 2026, 6:49 PM IST

तमिलनाडु राज्यपाल ने विजय थलापति को शाम 6:30 बजे मुलाकात का समय दिया है। इसी मुलाकात में सरकार गठन को लेकर आगे की प्रक्रिया तय होगी। विजय राज्यपाल के सामने समर्थन पत्र पेश कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा कर सकते हैं।
May 09, 2026, 5:27 PM IST

तमिलनाडु में सरकार बनाने का जादुई आकड़ां 118 है। अब TVK के 107 विधायकों के साथ, कांग्रेस ने 5, वामपंथी दलों (CPI और CPM) ने 4, और विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) ने 2 विधायकों का बिना शर्त समर्थन दिया। VCK के इन दो विधायकों के जुड़ते ही गठबंधन का कुल आँकड़ा ठीक 118 पर पहुँच गया, जो सरकार गठन के लिए पर्याप्त है।
May 09, 2026, 4:50 PM IST

वीसीके ने टीवीके को बिना शर्त समर्थन दिया, अपने 2 विधायकों की पेशकश की और गठबंधन को तमिलनाडु विधानसभा में महत्वपूर्ण 118 बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने में मदद कर रहे हैं।
May 09, 2026, 4:11 PM IST

VCK की अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस आज

दूसरी ओर, राजनीतिक हलचल के बीच वीसीके (VCK) आज शाम 4 बजे एक प्रेस वार्ता करने जा रही है। वीसीके उन छोटे दलों में शामिल है जिन्होंने विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को अपना समर्थन दिया है। माना जा रहा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी सरकार बनाने की प्रक्रिया और बहुमत के आंकड़ों को लेकर अपना अगला रुख साफ करेगी।
May 09, 2026, 4:10 PM IST

तमिलनाडु में सियासी घमासान के बीच आत्मदाह की कोशिश: टीवीके (TVK) समर्थक ने खुद को लगाई आग

तमिलनाडु में सरकार गठन में हो रही देरी अब हिंसक मोड़ लेने लगी है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, विजय की पार्टी 'टीवीके' (TVK) के एक 40 वर्षीय समर्थक ने देरी से हताश होकर खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे इस व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
May 09, 2026, 2:46 PM IST

विजय को सरकार बनाने का न्यौता न मिलने पर सुप्रीम कोर्ट में अर्जी: पूर्व IPS ने दी चुनौती

तमिलनाडु में सरकार गठन का विवाद अब देश की सबसे बड़ी अदालत की दहलीज पर पहुंच गया है। राज्य के पूर्व आईपीएस अधिकारी एम. रामासुब्रमणि ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें उन्होंने 'टीवीके' (TVK) प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने से इनकार कर दिया था। याचिका में तर्क दिया गया है कि विजय की पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है, ऐसे में राज्यपाल का उन्हें मौका न देना असंवैधानिक है। पूर्व पुलिस अधिकारी के अलावा टीवीके सदस्य एझिलारसी के. ने भी एक याचिका दायर कर राज्यपाल के कदम को मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है। याचिकाओं में मांग की गई है कि विजय को विधानसभा में बहुमत साबित करने (फ्लोर टेस्ट) का अवसर दिया जाना चाहिए।
May 09, 2026, 12:09 PM IST

तमिलनाडु में 'रिजॉर्ट पॉलिटिक्स' की चर्चाओं पर डीके शिवकुमार का विराम: बोले- कोई विधायक बेंगलुरु नहीं आया

तमिलनाडु में सरकार गठन के खींचतान के बीच 'रिजॉर्ट पॉलिटिक्स' की खबरों ने जोर पकड़ लिया है। इन अटकलों पर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने पूरी तरह सफाई दी है। शिवकुमार ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि तमिलनाडु के कांग्रेस विधायकों को बेंगलुरु के ईगलटन रिजॉर्ट या हैदराबाद शिफ्ट किया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "ये सभी खबरें पूरी तरह गलत हैं। कोई भी विधायक ईगलटन रिजॉर्ट नहीं आया है।" उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि इस संबंध में पार्टी आलाकमान से उनकी कोई बात नहीं हुई है और न ही उन्हें ऐसा कोई निर्देश मिला है। उनके इस बयान से उन अफवाहों पर लगाम लगी है जो विधायकों की संभावित 'बाड़ेबंदी' को लेकर उड़ रही थीं।
May 09, 2026, 12:08 PM IST

तमिलनाडु में सरकार गठन के बीच VCK के तेवर तल्ख: 'हमें किनारे करना नामुमकिन'

तमिलनाडु की सत्ता के संघर्ष के बीच विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) ने अपनी ताकत का अहसास कराया है। पार्टी के उप महासचिव वन्नी अरासु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक बेहद रहस्यमयी पोस्ट साझा की है। उन्होंने लिखा कि कोई हमें कितना भी हाशिए पर धकेलने या अलग-थलग करने की कोशिश करे, हम एक 'केंद्रीय शक्ति' बनकर उभरेंगे। राजनीतिक गलियारों में इस बयान को विजय की पार्टी (TVK) के लिए एक कड़ा संदेश माना जा रहा है। 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के आंकड़े से दूर टीवीके के लिए VCK का समर्थन बेहद अहम है। अरासु का यह बयान साफ करता है कि सरकार गठन के खेल में VCK खुद को 'किंगमेकर' की भूमिका में देख रही है।
May 09, 2026, 12:04 PM IST

बंगाल में नई सरकार का आगाज: शुभेंदु के साथ इन दिग्गजों ने ली मंत्री पद की शपथ

पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में शनिवार का दिन बेहद खास रहा। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही उनके मंत्रिमंडल के खास चेहरों ने भी अपनी जिम्मेदारी संभाली। नई कैबिनेट में अनुभव, युवा जोश और सामाजिक समीकरणों का खास ख्याल रखा गया है। आइए जानते हैं किन प्रमुख नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली: दिलीप घोष (Dilip Ghosh): मुख्यमंत्री के बाद कैबिनेट में सबसे बड़ा नाम दिलीप घोष का रहा। बंगाल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी को राज्य में मजबूत करने वाले दिलीप घोष ने राज्यपाल के समक्ष शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और वरिष्ठ नेताओं का अभिवादन किया। निसिथ प्रमाणिक (Nisith Pramanik): कूचबिहार के पूर्व सांसद और दिनहाटा से विधायक निसिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली। टीएमसी से अपना सफर शुरू करने वाले निसिथ 2019 में बीजेपी में आए थे। उनके पास केंद्र में राज्यमंत्री के तौर पर काम करने का बड़ा अनुभव है। अग्निमित्रा पॉल (Agnimitra Paul): आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कैबिनेट में महिला शक्ति का प्रतिनिधित्व किया। मशहूर फैशन डिजाइनर से फायरब्रांड नेता बनीं अग्निमित्रा बंगाल में बीजेपी का एक प्रमुख और मुखर चेहरा हैं। अशोक कीर्तनिया (Ashok Kirtania): बनगांव उत्तर से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने वाले अशोक कीर्तनिया को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है। वे मतुआ समुदाय के बड़े नेता माने जाते हैं और लंबे समय से उनके अधिकारों के लिए जमीन पर संघर्ष कर रहे हैं। खुदीराम टुडू (Khudiram Tudu): रानीबांध सीट से पहली बार विधायक बने खुदीराम टुडू ने मंत्री पद की शपथ लेकर सबको चौंकाया। पेशे से शिक्षक खुदीराम को बंगाल बीजेपी का बड़ा आदिवासी चेहरा माना जाता है। उनकी नियुक्ति को जांगलमहल इलाके में पार्टी की पकड़ मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है।
May 09, 2026, 11:36 AM IST

सुवेंदु बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री, बांग्ला में ली ईश्वर के नाम की शपथ

पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब Suvendu Adhikari ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही वह बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। कोलकाता के Brigade Parade Ground में आयोजित भव्य समारोह में सुवेंदु अधिकारी ने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान समारोह स्थल पर भाजपा समर्थकों का उत्साह देखने लायक रहा। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री Narendra Modi, केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah और NDA के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद यह शपथ ग्रहण समारोह राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
May 09, 2026, 11:06 AM IST

बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ समारोह शुरू, एनडीए के दिग्गज नेता कोलकाता में जुटे

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कोलकाता का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया है। शहर के ऐतिहासिक Brigade Parade Ground में आयोजित समारोह में NDA के कई बड़े नेता पहुंच चुके हैं। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री N. Chandrababu Naidu समेत कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद हैं। भाजपा नेता Suvendu Adhikari आज पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
May 09, 2026, 10:58 AM IST

ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे सुवेंदु अधिकारी, कौन-कौन और ले सकता है शपथ

पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन का माहौल पूरी तरह तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले Suvendu Adhikari कोलकाता के Brigade Parade Ground पहुंच चुके हैं। उनके साथ भाजपा के कई बड़े नेता और नवनिर्वाचित विधायक भी समारोह में मौजूद हैं। पार्टी विधायक Agnimitra Paul और Shankar Ghosh के भी मंत्री पद की शपथ लेने की चर्चा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री Nisith Pramanik भी आज शपथ ले सकते हैं। वहीं Yogi Adityanath भी समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच गए हैं।
May 09, 2026, 10:50 AM IST

West Bengal CM Oath Live: कुछ ही देर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे सुवेंदु अधिकारी, ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे पीएम मोदी

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन का ऐतिहासिक पल अब से थोड़ी ही देर में शुरू होने जा रहा है। भाजपा नेता Suvendu Adhikari मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। कोलकाता के Brigade Parade Ground में आयोजित भव्य समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi पहुंच चुके हैं। समारोह में NDA के कई वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी देखने को मिल रही है।
May 09, 2026, 10:16 AM IST

West Bengal CM Oath Ceremony LIVE: शपथ ग्रहण से पहले कोलकाता छावनी में तब्दील: चप्पे-चप्पे पर पहरा

पश्चिम बंगाल में पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। शुभेंदु अधिकारी के आवास, ब्रिगेड परेड ग्राउंड और पूर्व सीएम ममता बनर्जी के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। प्रधानमंत्री मोदी की लैंडिंग के लिए RCTC ग्राउंड पर मल्टी-लेयर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। कोलकाता पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं।
May 09, 2026, 10:14 AM IST

Tamil Nadu govt formation news LIVE: VCK प्रमुख थिरुमावलवन की आज अहम बैठक

विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) के प्रमुख थोल थिरुमावलवन आज शनिवार को अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक बड़ी और निर्णायक बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक का मुख्य एजेंडा विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने पर चर्चा करना है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, थिरुमावलवन अपने करीबियों के साथ मौजूदा सियासी समीकरणों को तौलेंगे और यह तय करेंगे कि राज्य की स्थिरता के लिए पार्टी का अगला कदम क्या होना चाहिए।
May 09, 2026, 8:28 AM IST

जानिए Suvendu Adhikari के बारे में

सुवेंदु अधिकारी 2020 में ममता बनर्जी की पार्टी TMC छोड़कर भाजपा में आए। 2021 बंगाल विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया। 2026 में फिर से ममता बनर्जी को भवानीपुर में हराया।
May 09, 2026, 8:25 AM IST

West Bengal CM Oath Ceremony LIVE: कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण: जुटेंगे दिग्गज

भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी शनिवार, 9 मई 2026 को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह भव्य समारोह कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है, जहाँ राज्यपाल आर.एन. रवि उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए (NDA) शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे। भाजपा इस कार्यक्रम के जरिए बंगाल में सत्ता परिवर्तन का बड़ा संदेश देना चाहती है। भारी संख्या में समर्थकों के जुटने की उम्मीद के बीच सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
May 09, 2026, 8:22 AM IST

Tamil Nadu govt formation news LIVE: राष्ट्रपति शासन रोकने के लिए 'TVK' के साथ आए वामपंथी दल

तमिलनाडु की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। सीपीएम (CPI-M) के राज्य सचिव पी. शनमुगम ने स्पष्ट किया है कि सीपीएम और सीपीआई ने विजय की पार्टी 'टीवीके' (TVK) को समर्थन देने का फैसला किया है। इसके पीछे मुख्य उद्देश्य राज्य में राष्ट्रपति शासन को लागू होने से रोकना है। शनमुगम के अनुसार, यदि 10 तारीख तक सरकार नहीं बनती, तो केंद्र को हस्तक्षेप का मौका मिल जाता। साथ ही, वामपंथी दलों का मानना है कि इस कदम से भाजपा को 'पिछले दरवाजे' से तमिलनाडु की सत्ता में घुसने से रोका जा सकेगा। हालांकि, लेफ्ट पार्टियां सरकार में शामिल नहीं होंगी और केवल स्थिरता के लिए बाहर से समर्थन देंगी।
May 09, 2026, 7:08 AM IST

West Bengal CM Oath Ceremony LIVE: 34 साल का इंतजार खत्म, अब बंगाल में भाजपा का पहला मुख्यमंत्री

पश्चिम बंगाल की राजनीति में भाजपा ने आखिरकार वह मुकाम हासिल कर लिया, जिसका इंतजार पार्टी पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से कर रही थी। 1982 में गठन के बाद भाजपा ने पहली बार बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन राज्य की राजनीति में जगह बनाने में उसे लंबा संघर्ष करना पड़ा। भाजपा को पश्चिम बंगाल विधानसभा में पहली सफलता साल 2016 में मिली थी। उस चुनाव में पार्टी ने 10.3% वोट शेयर के साथ सिर्फ 3 सीटें जीती थीं। हालांकि यही चुनाव बंगाल में भाजपा के उभार की शुरुआत माना गया। इसके बाद 2021 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। पार्टी ने 38.4% वोट शेयर हासिल करते हुए 77 सीटों पर जीत दर्ज की और राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी बन गई। इस चुनाव ने साफ संकेत दे दिया था कि बंगाल में भाजपा तेजी से अपनी जमीन मजबूत कर रही है। अब 2026 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इतिहास रच दिया है। पार्टी ने 45.84% वोट शेयर के साथ 207 सीटों पर कब्जा जमाकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है। इसी के साथ पश्चिम बंगाल को पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है।
May 09, 2026, 7:06 AM IST

Tamil Nadu govt formation news LIVE: तमिलनाडु में सरकार गठन पर सस्पेंस बरकरार

तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अभिनेता से नेता बने C. Joseph Vijay ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन राज्यपाल Rajendra Arlekar से मुलाकात की। माना जा रहा है कि टीवीके बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है और सरकार बनाने का दावा पेश करने की तैयारी कर रही है। हालांकि देर शाम तक राजभवन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल अभी इस बात से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं कि टीवीके के पास विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए जरूरी संख्या मौजूद है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+