'न मैं शादी करूंगी, न पवन सिंह को शादी करने दूंगी', बौखलाईं ज्योति सिंह, बोलीं- एक्टर को घूंघट वाली चाहिए
Pawan Singh Divorce Case: भोजपुरी इंडस्ट्री के पावरस्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के रिश्ते में चल रही खटास अब खुलकर सामने आ चुकी है। दोनों के बीच तलाक का मामला फिलहाल बिहार के आरा फैमिली कोर्ट में चल रहा है। 5 मई 2026 को इस केस की सुनवाई तय थी लेकिन बताया जा रहा है कि उस दिन दोनों में से कोई भी अदालत नहीं पहुंचा था।
पवन सिंह और ज्योति सिंह का रिश्ता
पवन सिंह की निजी जिंदगी लंबे समय से विवादों में बनी हुई है। पहली पत्नी नीलम सिंह के निधन के बाद एक्टर ने साल 2018 में ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी, लेकिन कुछ ही समय बाद दोनों के रिश्ते में दूरियां बढ़ने लगीं।

'मैं रिश्ता बचाना चाहती थी, पर वो साथ नहीं रहना चाहते'
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ज्योति सिंह इस रिश्ते को बचाना चाहती थीं, जबकि पवन सिंह अलग होने का फैसला कर चुके थे। इसी बीच ज्योति सिंह ने एक इंटरव्यू में अपने रिश्ते को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
-ज्योति सिंह ने दावा किया कि पवन सिंह की सोच बेहद पारंपरिक है और वह अपनी पत्नी से ऐसी उम्मीदें रखते थे, जिन्हें आज के दौर में स्वीकार करना मुश्किल है।
'पवन सिंह को ऐसी लड़की चाहिए जो फोन तक चलाना न जानती हो'
-इंटरव्यू में ज्योति सिंह ने बताया कि पवन सिंह ऐसी पत्नी चाहते थे जो आधुनिक दुनिया से पूरी तरह दूर रहे। उनके मुताबिक एक्टर को ऐसी लड़की पसंद है जो फोन इस्तेमाल न करे और यहां तक कि उसे ये भी न पता हो कि फोन कैसे चलाया जाता है।
-ज्योति सिंह ने कहा कि पवन सिंह चाहते थे कि उनकी पत्नी हमेशा घूंघट में रहे और बाहर निकलते वक्त पूरी तरह ढकी हुई दिखाई दे। उन्होंने इस सोच पर नाराजगी जताते हुए कहा- संस्कार किसी के पहनावे या घूंघट से तय नहीं किए जा सकते।
'न मैं शादी करूंगी और न पवन सिंह को करने दूंगी'
-ज्योति सिंह ने बातचीत में ये भी कहा कि उनसे उम्मीद की जाती थी कि वह हर बात चुपचाप सहें और कभी जवाब न दें। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा- अगर कोई महिला सिर्फ सबकुछ सुनती रहे और अपनी बात तक न रख सके, तो ऐसा रिश्ता किसी भी इंसान को तोड़ सकता है।
-ज्योति सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि अगर पवन सिंह दोबारा शादी करें, तो ऐसी लड़की से करें जो न बोल सके और न सुन सके। उन्होंने पवन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा- उन्होंने मेरे 8 साल बर्बाद किए हैं। अब मैं दूसरी बार शादी नहीं करूंगी और न ही उन्हें करने दूंगी।
कोविड के समय से बिगड़ने लगे थे रिश्ते
ज्योति सिंह ने बताया कि कोविड काल के दौरान उनके रिश्ते में तनाव बढ़ना शुरू हुआ था। दिवाली के आसपास हालात इतने खराब हो गए थे कि दोनों के बीच बातचीत लगभग बंद हो गई थी। उन्होंने दावा किया कि पिछले करीब 2 साल से उनकी पवन सिंह से कोई बात नहीं हुई है। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि इस रिश्ते को निभाने के लिए उन्होंने अपनी तरफ से हर संभव कोशिश की लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ दर्द और अपमान मिला।
एलिमनी को लेकर बढ़ा विवाद
तलाक के मामले में एलिमनी को लेकर भी पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच खींचतान की खबरें सामने आई हैं। ज्योति सिंह ने कहा कि शुरुआत में उन्होंने 3 करोड़ रुपये की मांग की थी लेकिन पवन सिंह 50 लाख रुपये से ज्यादा देने को तैयार नहीं थे। उन्होंने बातचीत में कहा- आज के समय में 50 लाख रुपये में एक घर तक नहीं खरीदा जा सकता। बाद में उन्होंने कोर्ट में 10 करोड़ रुपये की मांग रखी थी ताकि मामला लंबा चले।
'पति दिल से कभी नहीं निकलता'
हालांकि रिश्ते में इतनी कड़वाहट आने के बावजूद ज्योति सिंह ने ये भी कहा कि उनके दिल में आज भी पवन सिंह के लिए भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जिस परिवार और संस्कार से वह आती हैं, वहां पति को हमेशा सम्मान दिया जाता है। उनके मुताबिक पति-पत्नी का रिश्ता सिर्फ कानूनी नहीं बल्कि भावनात्मक भी होता है और इसलिए किसी इंसान को दिल से पूरी तरह निकाल देना आसान नहीं होता।













Click it and Unblock the Notifications