Bay Leaf Farming : चंद पेड़ों से लाखों रुपये कमा सकते हैं किसान, शुरुआती खेती में 30 फीसद सब्सिडी
तेज पत्ते की खेती (bay leaf farming) किसानों को अच्छा पैसा कमाने का मौका दे सकती है। मसालों के अलावा तेज पत्ते का दूसरे तरीकों से भी इस्तेमाल होता है। पढ़िए रिपोर्ट
नई दिल्ली, 08 जून : दुनिया भर में प्राकृतिक उपचार और हर्बल उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। नौकरी के बदले अपना काम करने की चाह रखने वाले लोगों यानी उद्यमियों (entrepreneurs) की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे लोग इंटरनेट की मदद से खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक के प्रयोग और कुछ इनोवेटिव आइडिया का इस्तेमाल कर कामयाब भी हो रहे हैं। ऐसे ही लोगों के लिए तेज पत्ते का पौधा उगाने (bay leaf farming) का विकल्प भी अच्छी कमाई का जरिया है। बागवानी और पेड़-पौधों में इंटरेस्ट लेने वाले लोगों के लिए सबसे जरूरी जानकारी यही है कि तेज पत्ते का पौधा कई वर्षों तक पत्तों से लदा रहता है। यानी दूसरी फसलों की तरह इसे हर साल लगाने के झंझट से मुक्ति। कॉमर्शियल तरीके से तेजपत्ते की खेती करने पर किसानों को जिंदगी भर मुनाफा मिल सकता है।

कम निवेश के साथ तेज पत्ते की खेती
दरअसल, देशभर में युवाओं के बीच खेती किसानी के क्षेत्र में इनोवेशन और वैज्ञानिक तरीकों के इस्तेमाल की होड़ देखी जा रही है। यहां तक कि एमबीए और सीए की पढ़ाई के बाद खेती कर रही दंपती भी अब दूसरों के लिए कामयाबी की मिसाल है। कम निवेश के साथ अपना काम शुरू करने की चाह रखने वाले लोगों के लिए तेज पत्ते की खेती अच्छा विकल्प है। तेज पत्ते का उत्पादन भारत के अलावा रूस, इटली, फ्रांस और अमेरिका जैसे देशों में भी होता है। भारत में यूपी, बिहार, केरल, कर्नाटक और पहाड़ी राज्यों में तेज पत्ते की खेती की जाती है।

शुरुआत में सब्सिडी, ऐसे बढ़ती है कमाई
राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड की ओर से तेज पत्ता उत्पादन से जुड़ने की चाह रखने वाले लोगों को 30 फीसद सब्सिडी दी जाती है। एक अनुमान के मुताबिक अगर आप तेज पत्ते के चार-पांच पौधे भी लगाएं तो एक साल में 12 हजार से 20 हजार रुपये आराम से कमा सकते हैं। पौधों की संख्या बढ़ाने पर कमाई भी उसी अनुपात में बढ़ेगी।
कमाएं 2-4 लाख सालाना
अगस्त से फरवरी के दौरान तेज पत्तों के पेड़ में फूल और फल लगते हैं। पत्ते तैयार होने के बाद इन्हें छाया में सुखाकर मार्केट में तेज पत्तों की पैकिंग कर बेचने के अलावा तेल निकालने का भी ऑप्शन है। तेज पत्ते का पेड़ 7-8 मीटर ऊंचाई तक बढ़ता है। अगर आपके पास 5-6 हजार स्क्वायर फीट खाली जमीन हो तो आराम से तेज पत्ते की खेती शुरू की जा सकती है। इतने बड़े प्लॉट पर कम से कम 80-100 पौधे लगाए जा सकते हैं। सभी पेड़ों में पत्ते लगने के बाद इनसे 2.40 लाख से लेकर 4 लाख तक सालाना कमाई की जा सकती है।

ज्यादा सिंचाई की जरूरत नहीं
तेज पत्ते के पौधे की रोपाई के बाद शुरुआत में थोड़ी मेहनत करनी पड़ती है। करीब छह साल में तेज पत्ते का पेड़ कटाई के लिए तैयार हो जाता है। पौधा बड़ा होने पर मेहनत घटेगी और केवल पेड़ों की निगरानी या देखभाल करनी होती है। इन पौधों को अधिक सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ती। गर्मी के मौसम में सप्ताह में एक बार पटवन करने की जरूरत होती है। बारिश के मौसम में सिंचाई जरूरी नहीं। हालांकि, मॉनसून की बारिश देर से होने पर सिंचाई करनी पड़ती है। सर्दियों में इन पेड़ों को पाले से बचाने की जरूरत पड़ती है। सर्दियों में जरूरत और विशेषज्ञों से परामर्श के बाद सिंचाई की जा सकती है।

खाने के मसाले में तेज पत्ता
गौरतलब है कि भारत के अलावा तेज पत्ते का इस्तेमाल अमेरिका और यूरोप में भी होता है। सब्जियां पकाने के अलावा मांसाहारी खाने बनाने में तेज पत्तों का भरपूर इस्तेमाल होता है। गर्म सूप पीने के शौकीन लोग भी तेज पत्तों का इस्तेमाल करते हैं। समुद्री खाने में भी तेज पत्ते का इस्तेमाल देखा जाता है। भारत में गरम मसाले के प्रयोग के दौरान तेज पत्ता लगभग अनिवार्य रूप से डाला जाता है।

तेज पत्ता पोषक तत्वों से भरपूर
सेहत के पैमाने पर भी तेज पत्ता काफी फायदेमंद है। 100 ग्राम तेज पत्ते में 5.44 ग्राम पानी, 313 कैलोरी एनर्जी और 46.5 मिलीग्राम विटामिन सी जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। दवा के रूप में तेज पत्ते का इस्तेमाल स्कीन और हेयर डिजीज में किया जाता है। तेज पत्ते से तेल भी निकाला जाता है। बे लीफ ऑयल का इस्तेमाल सौंदर्य प्रसाधन बनाने में होता है। साबुन, क्रीम और इत्र में इसके तेल का इस्तेमाल किया जाता है। किडनी और कैंसर से जुड़ी बीमारी के इलाज के अलावा मधुमेह से पीड़ित लोगों के लिए भी तेज पत्ता काफी फायदेमंद है।












Click it and Unblock the Notifications