International Day of Peace 2021 Theme : क्यों मनाया जाता है विश्व शांति दिवस और क्या है इस साल की थीम
International Day of Peace 2021: क्यों मनाया जाता है विश्व शांति दिवस और क्या है इस साल की थीम
नई दिल्ली, 20 सितंबर: विश्व शांति दिवस के दिन दुनियाभर के लोग मानवता को अपनाते हैं और रंग-रूप, समाज के सभी अंतरों को भूल एक-दूसरे की भलाई के बारे में सोचते हैं। संयुक्त राष्ट्र सभी देशों को इस दिन अपने-अपने शत्रुता की समाप्ति का सम्मान करने के लिए आमंत्रित करता है। इस दिन यूएन शिक्षा के माध्यम से और शांति से संबंधित जन जागरूकता लाने की पहल करता है। कोरोना काल में विश्व शांति दिवस का महत्व और भी बढ़ जाता है।

अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस का इतिहास
विश्व शांति दिवस या अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस की शुरुआत साल 1981 संयुक्त राष्ट्र द्वारा की गई थी। जिसके बाद पहली बार साल 1982 में अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस मनाया गया था। 1982 से लेकर 2001 तक अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस सितंबर महीने के हर तीसरे मंगलवार को मनाया जाता था। लेकिन 2002 में इसमें यूएन ने बदलाव करते हुए कहा कि अब अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस हर साल 21 सितंबर को मनाया जाएगा। 2002 से लेकर अब तक हर साल अब 21 सितंबर को विश्व शांति दिवस मनाया जाता है।
क्या है साल 2021 के अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस की थीम (International Day of Peace Theme 2021)
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस को 24 घंटे अहिंसा और संघर्ष विराम के माध्यम से शांति के आदर्शों को मजबूत करने के लिए समर्पित दिन के रूप में घोषित किया है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि कोरोना महामारी से हम अब धीरे-धीरे बाहर आ रहे हैं, ऐसे में सभी देशों को एक होकर रचनात्मक और सामूहिक रूप से सोचना चाहिए। सभी देशों को ये सोचना चाहिए कि कैसे सभी को बेहतर तरीके से ठीक किया जाए और सभी लोगों को जीने का एक समान अवसर मिले।
इन्ही सब बातों को ध्यान में रखते हुए संयुक्त राष्ट्र महासभा ने साल 2021 के अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस की थीम रखी है- "Recovering Better for an Equitable and Sustainable World". साल 2020 की थीम थी- 'Shaping Peace Together'। वहीं जिस साल 1982 में विश्व शांति दिवस पहली बार मनाया गया था, उस साल की थीम थी- 'Right to peace of people'
बता दें कि जिनेवा शांति वार्ता का 9वां संस्करण 21 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र की आधिकारिक थीम के तहत अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के लिए आयोजित किया जाएगा। जिसका लाइवस्ट्रीम भी होगा।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने विश्व शांति दिवस पर की ये अपील
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने विश्व शांति दिवस पर एकजुटता और एकता का आह्वान किया है। एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि इस बार अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस ऐसे समय है, जब मानवता संकट में है। कोरोना से 4 मिलियन से अधिक जीवन प्रभावित हुई हैं। लोगों का संघर्ष नियंत्रण से बाहर है, दुनिया में असमानता और गरीबी बढ़ रही है, जलवायु परिवर्तन आपात स्थिति में है, विज्ञान से लोगों का भरोसा उठ रहा है, ऐसे में हम सभी दुनिया के देशों से अपील करते हैं कि वो एक साथ आएं और एक-दूसरे की मदद करें।
एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, ''हमारी दुनिया के सामने दो ही विक्लप हैं। शांति या स्थायी संकट। मेरे दोस्तों हमें शांति चुननी चाहिए। यह हमारी टूटी हुई दुनिया की मरम्मत का एकमात्र विकल्प है।'' उन्होंने दुनिया भर के लड़ाकों से हथियार डालने और वैश्विक संघर्ष विराम दिवस मनाने का आह्वान किया है।












Click it and Unblock the Notifications