अंदर ही अंदर टूट रहा है चीन! Are You Dead? ऐप ने किया युवाओं की तन्हाई का खौफनाक खुलासा
आजकल हम अपनी पर्सनल लाइफ और काम में इतने मशगूल हो गए हैं कि कई बार हफ्तों तक अपने ही माता-पिता या दोस्तों से बात नहीं कर पाते। लेकिन क्या कभी सोचा है कि अगर अकेले रहते हुए आपको कुछ हो गया, तो किसी को पता कैसे चलेगा?
चीन में वायरल हो रहे एक नए ऐप ने इसी डरती हुई नब्ज को पकड़ा है और पूरी दुनिया को सोचने पर मजबूर कर दिया है। चीन में एक ऐप आया है जिसका नाम सुनकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं- Are You Dead? (क्या आप मर चुके हैं?)

सुनने में यह भले ही अजीब लगे, लेकिन अकेले रहने वाले लाखों युवाओं और बुजुर्गों के लिए यह ऐप अब 'सुरक्षा कवच' बन गया है। इसका काम करने का तरीका बहुत सिंपल है
- डेली चेक-इन: यूजर को दिन में एक बार ऐप पर क्लिक करके बताना होता है कि वह ठीक है।
- 48 घंटे का अल्टीमेटम: अगर यूजर ने 48 घंटे तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो यह ऐप खुद-ब-खुद उनके 'इमरजेंसी कॉन्टैक्ट' (दोस्तों या परिवार) को अलर्ट भेज देता है कि 'शायद कुछ गड़बड़ है।'
अकेलापन नहीं, 'गायब' होने का सता रहा डर
यह ऐप सिर्फ एक तकनीक नहीं, बल्कि समाज की कड़वी सच्चाई है। CNN World की रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक यूजर ने दिल छू लेने वाली बात लिखी, 'यह 8 युआन (लगभग 100 रुपये) का ऐप उन युवाओं के लिए आखिरी उम्मीद है जो अकेले रहते हैं। सबसे डरावनी चीज़ अकेलापन नहीं है, सबसे डरावना है चुपचाप दुनिया से गायब हो जाना और किसी को खबर भी न होना।'
आंकड़े जो डराते हैं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2030 तक चीन में अकेले रहने वाले लोगों (Single-person households) की संख्या 20 करोड़ के पार हो सकती है। काम की तलाश में शहर आए युवा हों या पीछे छूटे अकेले बुजुर्ग, यह 'मॉडर्न लोनलीनेस' (आधुनिक अकेलापन) अब न्यू नॉर्मल बनता जा रहा है।
क्या हमें वाकई एक ऐप की जरूरत है?
जब यह ऐप वायरल हुआ, तो इसे बनाने वाली टीम (जो खुद 1995 के बाद जन्में युवाओं की है) ने इसका नाम बदलकर 'Demumu' कर दिया ताकि यह थोड़ा फ्रेंडली लगे। लेकिन सवाल वही है- क्या हम तकनीकी रूप से इतने आगे बढ़ गए हैं कि हमें यह बताने के लिए भी एक 'सॉफ्टवेयर' की जरूरत है कि हम जिंदा हैं?
यह खबर हमें रुक कर सोचने का मौका देती है। हम 'कनेक्टेड' तो हैं, पर क्या हम वाकई 'जुड़े' हुए हैं? आज ही अपने उस दोस्त या रिश्तेदार को फोन करें जिससे आपने कई दिनों से बात नहीं की है। किसी ऐप का इंतज़ार न करें, खुद एक 'चेक-इन' करें। क्योंकि टेक्नोलॉजी आपको ट्रैक कर सकती है, लेकिन आपकी कमी सिर्फ अपनों को महसूस होती है।












Click it and Unblock the Notifications