Sita Badi कौन हैं? 17 दिन की बिलखती नवजात को गोद में लेकर महिला मंत्री ने कराया स्तनपान, VIDEO ने जीता दिल
Sita Badi Viral Video: बाल मंदिर में 17 दिन की एक बच्ची भूख से रो रही थी। दूध की तत्काल व्यवस्था नहीं हो पाई। इत्तेफाक से, मंत्री सीता बादी मौके पर पहुंची और एक मां की तरह नवजात को गोद में लिया। भूख से बिलखती बच्ची को खुद स्तनपान कराया।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब चर्चा हो रही है। वह ऐतिहासिक रूप से वंचित बादी समुदाय से आती हैं और 2026 में इस समुदाय से संघीय मंत्री बनने वाली पहली शख्सियत बनीं। आइए आपको रूबरू कराते हैं कि आखिर कौन हैं ये मंत्री?

क्या है 17 दिन की बच्ची वाला पूरा मामला?
मामला 19 जुलाई 2026 के काठमांडू के नक्साल स्थित नेपाल बाल संगठन के बाल मंदिर का है। वहां बच्चों के रहने की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठे थे। बारिश के बाद परिसर में पानी भरने और बच्चों की स्थिति को देखते हुए नेपाल PM बालेन शाह की बालबालिका और ज्येष्ठ नागरिक मंत्री सीता बादी के निर्देश पर 2 साल से कम उम्र के 20 बच्चों को वहां से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इन बच्चों में 12 लड़के और 8 लड़कियां थीं। उनकी उम्र करीब 15 दिन से लेकर 2 साल तक थी। इसी दौरान करीब 17 दिन की एक बच्ची भूख से लगातार रो रही थी। तत्काल दूध की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। बच्ची को इस हालत में देखकर सीता बादी ने उसे अपनी गोद में लिया और स्तनपान कराया। इसका वीडियो 23 जुलाई को वायरल हुआ। खास बात यह है कि बच्ची सीता बादी की अपनी संतान नहीं थी।

सीता बादी ने बच्ची को क्यों कराया स्तनपान?
सीता बादी ने बच्ची को रोते देखा तो तत्काल उसकी जरूरत को प्राथमिकता दी। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने बच्ची को गोद में लिया और उसे अपना दूध पिलाया। इस घटना को लेकर उनकी प्रतिक्रिया उनके व्यक्तिगत जीवन से भी जुड़ी हुई है। सीता ने खुद बचपन में कठिन परिस्थितियों का सामना किया है और वह वंचित बच्चों व महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम करती रही हैं। कांतिपुर की रिपोर्ट के मुताबिक, सीता ने कहा कि उन्होंने कभी सांसद या मंत्री बनने के बारे में नहीं सोचा था, लेकिन उन्हें अचानक जिम्मेदारी मिली। उन्हें ऐसा मंत्रालय मिला, जिससे वह अपने जीवन और अनुभवों के कारण खुद को करीब से जोड़ पाती हैं।

Who Is Sita Badi: कौन हैं सीता बादी?
सीता बादी नेपाल के सुर्खेत जिले के वीरेन्द्रनगर नगरपालिका-11 स्थित झुप्राखोला में जन्मी हैं। उनका जन्म 2052 नेपाली संवत यानी करीब 1995 में हुआ था। उनका बचपन गरीबी, छुआछूत, सामाजिक बहिष्कार और अपमान के बीच गुजरा। कांतिपुर की रिपोर्ट के मुताबिक, वह भेरी नदी के किनारे झुप्रा इलाके में पली-बढ़ीं और परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि शिक्षा हासिल करना भी उनके लिए संघर्ष था। उन्होंने सामाजिक अध्ययन में स्नातक और बाद में राजनीति शास्त्र में मास्टर डिग्री हासिल की। उनके मुताबिक, राजनीति की पढ़ाई करने के पीछे उनके मन में यह सवाल था कि उनका समुदाय लगातार पीछे क्यों रह जाता है और संविधान में लिखी समानता जमीन पर क्यों दिखाई नहीं देती।

12 साल की उम्र में पढ़ाई के लिए पहुंचीं काठमांडू
सीता का जीवन संघर्ष की कई परतों से गुजरकर आगे बढ़ा। शुरुआती दौर में उनके सामने आर्थिक कठिनाइयां और सामाजिक भेदभाव दोनों थे। पढ़ाई जारी रखना उनके लिए सामान्य अवसर नहीं, बल्कि संघर्ष था। बाद में उन्होंने उच्च शिक्षा हासिल की और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हो गईं।

वह लंबे समय से वंचित समुदायों के बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने और महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देने के काम से जुड़ी रही हैं। उन्होंने चुनिखेल इलाके में हस्तशिल्प से जुड़ा उद्यम भी शुरू किया, जिससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिले।
Nepal Minister Sita Badi: राजनीति में कैसे आईं?

सीता बादी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के जरिए राजनीति में आईं। 2026 के प्रतिनिधि सभा चुनाव में वह समानुपातिक प्रणाली के तहत दलित महिला क्लस्टर से संसद पहुंचीं। इसके बाद मार्च 2026 में उन्हें महिला, बालबालिका व ज्येष्ठ नागरिक मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली। उनकी नियुक्ति ऐतिहासिक मानी गई, क्योंकि वह बादी समुदाय से नेपाल की पहली संघीय मंत्री बनीं।
What Is Badi Community: बादी समुदाय क्या है?

बादी नेपाल का एक ऐतिहासिक रूप से वंचित समुदाय है। इस समुदाय के लोग लंबे समय से सामाजिक और आर्थिक भेदभाव का सामना करते रहे हैं। कई परिवार नदी किनारे, खुले स्थानों या अस्थायी बस्तियों में रहने को मजबूर रहे हैं और जमीन, शिक्षा तथा रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं तक उनकी पहुंच सीमित रही है।
यही बैकग्राउंड सीता बादी की राजनीति को भी प्रभावित करती है। उन्होंने कहा है कि वह चाहती हैं कि जिस तरह की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक अपमान और बहिष्कार की समस्याएं उन्होंने झेली हैं, वैसी स्थिति किसी अन्य समुदाय के बच्चों को न झेलनी पड़े।


Click it and Unblock the Notifications
