₹370 की बिरयानी ने छीनी नौकरी! कौन हैं हिमांशु जांगड़ा? किस कंपनी में करता था काम, प्रणीत मोरे पर भी उठे सवाल
Himanshu Jangra: कुछ वायरल कहानियां सिर्फ सोशल मीडिया ट्रेंड बनकर खत्म नहीं होतीं, बल्कि समाज के बड़े सवालों को सामने ले आती हैं। पिछले कुछ दिनों में "₹370 की बिरयानी" ऐसा ही एक मामला बन गया है।
कुछ दिन पहले तक हिमांशु जांगड़ा को उनके दोस्त या परिवार वाले ही जानते थे। लेकिन आज उनका नाम इंस्टाग्राम, एक्स, लिंक्डइन और यूट्यूब पर हर तरफ छाया हुआ है। यह सब महज 370 रुपये की चिकन बिरयानी की एक प्लेट से शुरू हुआ।
स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो का एक क्राउड-वर्क क्लिप देखते ही देखते देश भर में मॉडर्न रिश्तों, आपसी सहमति और डेटिंग कल्चर पर एक बड़ी बहस का विषय बन गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस मजाक के चक्कर में हिमांशु को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ गया है।

प्रणीत मोरे के शो में आखिर क्या हुआ था?
पूरा विवाद कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक क्राउड-वर्क शो से शुरू हुआ। शो के दौरान दर्शकों से बातचीत करते हुए हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट का किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि डेट पर उन्होंने और महिला ने चिकन बिरयानी खाई थी, जिस पर लगभग ₹370 खर्च हुए थे।
बाद में जब महिला ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा, तो हिमांशु ने ऐसा मजाक किया जिसे सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आपत्तिजनक माना। उनका संकेत इस बात की ओर था कि डेट पर खर्च किए गए पैसों के बदले उन्हें कुछ "रिटर्न" मिलना चाहिए। हिमांशु जांगड़ा ने कहा, ''370 की बिरयानी खिलाया हूं, वसूल तो जरूर करूंगा।'' शो में मौजूद लोग इस बात पर हंसे और प्रणीत मोरे ने इसे 'पीक गुड़गांव मोमेंट' करार देकर आगे बढ़ा दिया।
हिमांशु जांगड़ा की गई नौकरी?
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा। हिमांशु गुरुग्राम की एक डिजाइन कंपनी में काम करते थे। मामला तूल पकड़ते ही कंपनी ने उनकी पहचान की और उन्हें तुरंत नौकरी से बाहर कर दिया। कंपनी ने एक आंतरिक बैठक बुलाई और महिला कर्मचारियों समेत सभी स्टाफ से बात करके हिमांशु के वर्कप्लेस पर व्यवहार की समीक्षा की।
कंपनी का कहना था कि उन्हें ऑफिस में हिमांशु के खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं मिली, जहां वह एक मेहनती और अच्छे कर्मचारी रहे थे। हालांकि उनके द्वारा सार्वजनिक मंच पर कही गई बातें बेहद आपत्तिजनक थीं और कंपनी ऐसे विचारों या हक जताने वाली मानसिकता का समर्थन बिल्कुल नहीं करती है।
कौन हैं हिमांशु जांगड़ा? (Who Is Himanshu Jangra)
इस पूरे विवाद की सबसे दिलचस्प बात यह है कि हिमांशु कोई सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर, अभिनेता या राजनेता नहीं हैं। वह सिर्फ एक आम दर्शक थे, जो एक कॉमेडी शो में मौजूद थे। हिमांशु जांगड़ा पिछले 3-4 साल से कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करते थे। हिमांशु जांगड़ा गुरुग्राम के ही रहने वाले हैं। लेकिन डिजिटल दौर में कुछ सेकंड का वीडियो लाखों लोगों तक पहुंचने में देर नहीं लगती। यही हुआ और देखते ही देखते हिमांशु का नाम पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया।
कॉमेडियन प्रणीत मोरे पर भी उठे सवाल
इस पूरे मामले में सिर्फ हिमांशु ही निशाने पर नहीं रहे, बल्कि प्रणीत मोरे भी लोगों के सवालों के घेरे में आ गए। सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखा सवाल उठाया कि जब दर्शक ने ऐसा बयान दिया, तो कॉमेडियन ने उसका विरोध करने के बजाय उस पर ठहाके क्यों लगाए। लोगों का मानना है कि स्टैंड-अप कॉमेडियन समाज की सोच को बहुत गहराई से प्रभावित करते हैं।
आलोचना बढ़ती देख प्रणीत मोरे ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और अपने सभी प्लेटफॉर्म से उस वीडियो को पूरी तरह से डिलीट कर दिया ताकि इस तरह की बातों को सामान्य न माना जाए।
सहमति और हक की नई बहस
इंटरनेट ने इस पूरे मामले को बहुत अलग और तीखे तरीके से लिया। सोशल मीडिया पर तमाम लोगों ने मीम्स और व्यंग्यात्मक रील्स के जरिए यह दिखाया कि 370 रुपये की कीमत किसी भी रिश्ते में सहमति या सम्मान का मोल नहीं हो सकती।
देखते ही देखते '370 की बिरयानी' डेटिंग में गलत हक जताने वाली मानसिकता का प्रतीक बन गई। रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स से लेकर आम लोगों तक, हर कोई इस बात पर चर्चा करने लगा कि क्या किसी पर पैसे खर्च करने से दूसरे व्यक्ति पर किसी भी प्रकार का अधिकार मिल जाता है।
यह पूरा विवाद महज़ खाने के एक छोटे से बिल या सोशल मीडिया के एक वीडियो तक सीमित नहीं है। इसने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि कैसे कई बार लोग अपनी छोटी सोच को मजाक की चादर ओढ़ाकर सबके सामने पेश कर देते हैं।
एक छोटी सी टिप्पणी ने आज देश भर में आपसी सहमति, आधुनिक रिश्तों और शालीनता के दायरे को लेकर एक बड़ी और जरूरी बहस छेड़ दी है, जो आने वाले समय में भी याद रखी जाएगी।













Click it and Unblock the Notifications