फिर विवादों में फंसे समय रैना, इस बार उड़ाया बिहार का मजाक! क्या बंद होगा शो?
कॉमेडी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के हालिया एपिसोड में समय रैना और कॉमेडियन शेरोन वर्मा के बीच हुई मजाकिया नोकझोंक अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुकी है। दोनों कॉमेडियनों ने एक-दूसरे की क्षेत्रीय पहचान को लेकर तंज कसे, जिसके बाद बिहार और कश्मीर से जुड़ी टिप्पणियों पर सवाल उठने लगे।
शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने समय रैना की आलोचना करते हुए उनके बयान को विवादित बताया। वहीं शिवसेना नेता संजय निरुपम ने इसे कॉमेडी के तौर पर देखने की बात कही, हालांकि कुछ टिप्पणियों पर आपत्ति भी जताई। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और जम्मू-कश्मीर पीस फोरम ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए क्षेत्रीय पहचान और ऐतिहासिक त्रासदियों को मजाक का विषय बनाने पर सवाल खड़े किए हैं।

शिवसेना (UBT) ने समय रैना पर साधा निशाना
शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने कहा कि समय रैना पहले भी कई विवादों में रहे हैं और उनके कॉमेडी रूटीन में अक्सर अश्लीलता देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि कॉमेडी के नाम पर बिहार, जम्मू-कश्मीर, जाति या धर्म को निशाना बनाना उचित नहीं है। दुबे ने कहा कि मनोरंजन के लिए किसी राज्य या समुदाय को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां नहीं की जानी चाहिए।
संजय निरुपम बोले- हास्य को हास्य की तरह लें
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि समय रैना का शो एक कॉमेडी शो है और हास्य को उसी नजरिए से देखा जाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने माना कि बिहार और कश्मीर से जुड़ी कुछ टिप्पणियां उचित नहीं थीं।
उन्होंने खासतौर पर कश्मीरी पंडितों के साथ हुए अत्याचार और विस्थापन से जुड़े संदर्भ को लेकर आपत्ति जताई। निरुपम ने कहा कि उन्हें लगा कि एक गंभीर त्रासदी का मजाक बनाया जा रहा है। हालांकि, अंत में उन्होंने दोनों कॉमेडियनों को माफ करते हुए इसे ह्यूमर के तौर पर लेने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि हास्य के नाम पर अश्लीलता फैलाने की अनुमति नहीं होनी चाहिए।
बिहार के शिक्षा मंत्री की प्रतिक्रिया
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि देश के किसी भी नागरिक के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उनके मुताबिक, इस तरह की बातें समाज और देश को बांटने का काम करती हैं।उन्होंने कहा कि भारत की सोच एकता और समानता की है और जाति या धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
जम्मू-कश्मीर पीस फोरम ने उठाया संवेदनशीलता का मुद्दा
जम्मू-कश्मीर पीस फोरम ने कहा कि कॉमेडी की आजादी जरूरी है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी होनी चाहिए। संगठन ने कहा कि बिहार को अपमानजनक शब्द और कश्मीर या कश्मीरी पंडितों के दर्द को महज मनोरंजन का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। फोरम ने कहा कि कश्मीरी पंडित लंबे समय से विस्थापन और अपने पुश्तैनी घरों से दूर रहने के दर्द के साथ जी रहे हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि वह सेंसरशिप नहीं, बल्कि संवेदनशीलता की मांग कर रहा है।
क्या है पूरा मामला?
'इंडियाज गॉट लेटेंट' सीजन 2 के एक एपिसोड में समय रैना और शेरोन वर्मा ने एक-दूसरे की क्षेत्रीय पहचान को लेकर मजाक किया। समय ने शेरोन की बिहारी पहचान और मुंबई आने को लेकर तंज कसा, जिसके जवाब में शेरोन ने समय की कश्मीरी पृष्ठभूमि पर टिप्पणी की।
शेरोन के जवाब, 'कम से कम मैंने अपनी मर्जी से अपना राज्य छोड़ा', को सोशल मीडिया पर समय रैना की कश्मीरी पृष्ठभूमि और विस्थापन के संदर्भ से जोड़कर देखा गया। अब यह मजाक राजनीतिक बहस में बदल गया है और कॉमेडी की आजादी के साथ उसकी सीमाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
