iPhone 17 के लिए मारामारी: लाखों के फोन के लिए Apple स्टोर पर भिड़ गए ग्राहक, वीडियो वायरल
तकनीक की दुनिया में Apple का क्रेज किसी से छिपा नहीं है। हर साल, जब कंपनी अपना नया iPhone लॉन्च करती है, तो उसे खरीदने के लिए लोग घंटों तक लाइन में खड़े रहते हैं। लेकिन इस बार मुंबई में जो हुआ, वह चौंकाने वाला था। लाखों रुपये के फोन के लिए लोग एक-दूसरे से भिड़ गए और स्थिति ऐसी बन गई कि सुरक्षाकर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा।
दरअसल, मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में Apple स्टोर के बाहर शुक्रवार की सुबह iPhone 17 के लॉन्च के मौके पर हंगामा मच गया। नए iPhone के लिए लोग एक-दूसरे को धक्का देते और मारते-पीटते दिखे। समाचार एजेंसी PTI द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में दर्जनों लोग स्टोर के बाहर एक-दूसरे से भिड़ते हुए देखे गए।

वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि एक लाल शर्ट पहने व्यक्ति को सुरक्षाकर्मी खींचकर भीड़ से बाहर निकाल रहे हैं, जिस दौरान वह एक गार्ड पर हमला करने की कोशिश करता है। इसी बीच, एक और व्यक्ति को एक हथियारबंद गार्ड ने भीड़ से बाहर खींच लिया। इन सबके बीच भी लोग धक्का-मुक्की करते रहे।
सुरक्षा में कमी ने मचाया बवाल
कुछ खरीदारों ने बताया कि यह सारा बवाल सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण हुआ। अहमदाबाद से आए एक ग्राहक मोहन यादव ने बताया कि वह सुबह 5 बजे से लाइन में लगे थे, लेकिन कुछ लोगों ने लाइन तोड़ने की कोशिश की, जिससे अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने शिकायत की, 'सुरक्षाकर्मियों ने कोई जिम्मेदारी नहीं दिखाई। लोग लाइनें तोड़ रहे थे। पीछे खड़े लोगों को मौका नहीं मिल रहा था।'
दिल्ली और बेंगलुरु में भी ऐसी ही भीड़
मुंबई की तरह ही दिल्ली के साकेत स्थित सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल के बाहर भी लोगों की भारी भीड़ देखी गई। यहां तो लोग नई iPhone सीरीज खरीदने के लिए रात भर मॉल के बाहर इंतजार करते रहे। बेंगलुरु के Apple स्टोर में भी इसी तरह का माहौल था, हालांकि वहां स्थिति थोड़ी कम अराजक थी।
लाखों का है नया iPhone
Apple ने अपनी नई iPhone 17 सीरीज लॉन्च की है, जिसमें iPhone 17 Pro, Pro Max, iPhone 17 और iPhone Air जैसे मॉडल शामिल हैं। इन फोन्स की कीमत ₹82,900 से लेकर ₹2.3 लाख तक है, बावजूद इसके इन्हें खरीदने के लिए लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।












Click it and Unblock the Notifications