'वो मुसलमानों से नहीं कहेंगे,' अखिलेश और अनिरुद्धाचार्य की बहस के बाद अब महाराज ने क्या कह दिया?
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज (Aniruddhacharya Maharaj) की बातचीत का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होता है जिसमें दोनों की बीच भगवान कृष्ण के पहले नाम को लेकर सवाल-जवाब होते हैं। इस बातचीत के आखिर में सपा मुखिया यह कहकर वहां से चले जाते हैं कि आपका रास्ता मेरे रास्ते से अलग है। इस पर अब महाराज का जवाब आया है।

अखिलेश ने पूछा- कृष्ण को उनकी मां ने पहली बार क्या नाम दिया
अखिलेश ने अपनी इस बातचीत में अनिरुद्धाचार्य द्वारा 'शूद्र' शब्द के लगातार इस्तेमाल को चुनौती दी थी। उन्होंने सवाल किया कि बताइए भगवान कृष्ण को उनकी मां ने पहली बार क्या नाम दिया। अनिरुद्धाचार्य ने जवाब दिया, भगवान के कई नाम हैं। कन्हैया बोला था।' अखिलेश ने फिर जवाब दिया, 'ठीक है, यहीं से हमारा और तुम्हारा रास्ता अलग हो जाता है। अब से फिर 'शूद्र' मत बोलना।'
अब महाराज ने क्या कह दिया?
अनिरुद्धाचार्य महाराज ने अपनी एक जनसभा के दौरान इस घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, 'यूपी के एक पूर्व सीएम मुझसे कहते हैं कि आपका रास्ता अलग, मेरा रास्ता अलग, क्योंकि? मैंने उनके पूछे गए प्रश्न का उनके मनमुताबिक उत्तर नहीं दिया। मैंने जो सच था वही उत्तर दिया।'
अनिरुद्धाचार्य ने आगे कहा कि, 'सोचिए वो नेता हमसे कह रह हैं कि आपका रास्ता अलग, हमारा रास्ता अलग। वो मुसलमानों से नहीं कहते तुम्हारा रास्ता अलग मेरा रास्ता अलग। वो मुसलमानों से कहते हैं कि जो तुम्हारा रास्ता है वही हमारा रास्ता है।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'सोचिए राजाओं के अंदर ऐसा द्वेष है तो ये प्रजा की कैसे सेवा करेंगे?' दोनों के बीच की इस बातचीत ने सोशल मीडिया पर काफी हलचल मचा दी है। यूजर्स के मिलेजुले रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। कुछ अखिलेश यादव का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ महाराज को सही बता रहे हैं।









Click it and Unblock the Notifications