उत्तराखंड: धामी सरकार ने ऋषभ पंत को नियुक्त किया ब्रांड एंबेसडर
देहरादून, 21 दिसंबर: उत्तराखंड सरकार ने भारतीय टीम के क्रिकेटर ऋषभ पंत को राज्य का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी घोषणा की है। ब्रांड एंबेसडर बनने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने कहा कि वो अपने राज्य में खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए पंत को मिलने के लिए आमंत्रित किया। ऋषभ पंत उत्तराखंड के ही रहने वाले हैं।

धामी ने ट्वीट किया कि भारत के बेहतरीन क्रिकेट खिलाडियों में से एक, युवाओं के आदर्श और उत्तराखण्ड के लाल श्री ऋषभ पंत जी को हमारी सरकार ने राज्य के युवाओं को खेलकूद एवं जन-स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से "राज्य ब्रांड एंबेसडर" नियुक्त किया है।" इसके साथ ही धामी ने वीडियो कॉल के माध्यम से पंत को शुभकामनाएं दीं और मिलने के लिए आमंत्रित किया।
अपने राज्य का ब्रांड एंबेसडर बनने के बाद पंत ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उत्तराखंड के लोगों में कई क्षेत्रों में देश को गौरवान्वित करने की क्षमता है। उन्होंने लिखा "पुष्कर सिंह धामी सर, उत्तराखंड के लोगों के बीच खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए यहां का ब्रांड एंबेसडर बनाने का शुक्रिया। लोगों के बीच यह संदेश देने के लिए मैं पूरी कोशिश करूंगा और मुझे बहुत खुशी हो रही है कि आप देश को फिट बनाने के लिए ऐसे कदम उठा रहे हैं। रुड़की के एक छोटे से कस्बे से आने के बाद मुझे विश्वास है कि यहां के लोगों के अंदर कई क्षेत्रों में देश को गौरव महसूस कराने की क्षमता है।"












Click it and Unblock the Notifications