आंध्र प्रदेश: TTD अध्यक्ष सुब्बा रेड्डी बोले, 'सीएम जगन मोहन की प्राथमिकता है पिछड़े वर्ग का कल्याण'
आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आता देख सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं और इसके साथ ही नेताओं की बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी कड़ी में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अध्यक्ष और वाईएसआरसी के क्षेत्रीय कॉर्डिनेटर वाईवी सुब्बा रेड्डी ने कहा है कि प्रदेश की जगन मोहन सरकार ने हमेशा पिछड़े वर्गों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

वाईवी सुब्बा रेड्डी ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू की सरकार में पिछड़े वर्ग की हमेशा अनदेखी की गई, लेकिन मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने इस वर्ग के लिए कई योजनाएं लागू की हैं और आगे भी की जा रही हैं।
विशाखापत्तनम में रविवार को एक कार्यक्रम में सुब्बा रेड्डी ने कहा, 'जगन मोहन सरकार का स्पष्ट तौर पर मानना है कि पिछड़ा वर्ग हमारे समाज की रीढ़ है। पिछड़े वर्ग से आने वाले मुख्यमंत्रियों के नेतृत्व वाले राज्यों की तुलना में आंध्र प्रदेश इस वर्ग के आर्थिक कल्याण के लिए अधिक योजनाएं लागू कर रहा है।'
वहीं, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चेलुबोइना वेणु गोपाल कृष्ण ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पिछड़े वर्गों के साथ व्यापक तौर पर अन्याय किया। उन्होंने पिछड़े वर्गों के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के लिए इस वर्ग की जनगणना की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि जगन मोहन रेड्डी के कारण ही एक स्थायी पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन हो पाया है।












Click it and Unblock the Notifications