झारखंड के विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ बोले- जिसका 1932 के खतियान में नाम, वही झारखंडी
बीते दिनों लगातार दबाव झेल रही झारखंड की हेमंत सरकार अब फ्रंट फुट पर खेलती नजर आ रही है। पुरानी पेंशन योजना को लागू करने के बाद अब सरकार ने स्थानीयता के मुद्दे को एक बार फिर हवा दी है। झारखंड विधानसभा
रांची.13 सितंबरः बीते दिनों लगातार दबाव झेल रही झारखंड की हेमंत सरकार अब फ्रंट फुट पर खेलती नजर आ रही है। पुरानी पेंशन योजना को लागू करने के बाद अब सरकार ने स्थानीयता के मुद्दे को एक बार फिर हवा दी है। झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि असली झारखंडी वही है, जिसका 1932 के खतियान में नाम है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार अब झारखंडियों की पहचान देगी और वह 1932 के खतियान के आधार पर होगा।

इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 22 वर्षों बाद हेमंत सरकार ने पारा शिक्षकों को सम्मान दिया, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका को सम्मान दिया और पुलिस कर्मियों को सम्मान दिया। साथ ही राज्य के सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी पेंशन योजना लागू कर सम्मान दिया।
उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने राज्य में उन सभी लोगों को पेंशन दी, जिनकी उम्र 60 वर्ष हो चुकी है। इसमें एपीएल व बीपीएल की बाध्यता को समाप्त कर दिया गया। इससे पहले नियमों में विसंगतियों की वजह से 60 की उम्र के बाद भी हजारों गरीबों को पेंशन नहीं मिल पाती थी, लेकिन हेमंत सरकार ने बीपीएल की व्यवस्था को समाप्त कर सर्वजन पेंशन योजना लागू की, जिससे समाज के सभी वर्ग के 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोग पेंशन के हकदार होंगे।
विस अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में आए दिन बिजली की समस्या को लेकर नेताओं का पुतला दहन होता था, लेकिन इस समस्या का समाधान किया गया। कुंडहित भेलुवा गांव में बिजली ग्रिड निर्माण की स्वीकृति दिलवाई और उसका टेंडर भी निकल चुका है। बहुत जल्द कुंडहित, नाला और फतेहपुर में बिजली कटौती की समस्या खत्म हो जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष ने किसी का नाम लिये बगैर कहा कि जेपीएससी की परीक्षा में नाला विधानसभा से संबंधित प्रश्न आया था कि एक पारा शिक्षिका का प्रेम प्रसंग का मामला किस नेता से था, लेकिन आज नाला विधानसभा क्षेत्र देश विदेश के मानचित्र पर है कि नाला कहां है और किससे संबंधित क्षेत्र है।
निरोद सिंह, अपिश्वर हेंब्रम, बीस सूत्री उपाध्यक्ष कुतुबउद्दीन खान ने भी सभा को संबोधित किया। मौके पर संवेदक अरुण सिंह, बीडीओ श्रीमान मरांडी, थाना प्रभारी रोशन कुमार, प्रखंड सचिव मनोरंजन सिंह, नाला प्रखंड के झामुमो अध्यक्ष अशोक कुमार, शरम मंडल, नंदलाल मरांडी, जियाउल अंसारी, संतोष सिन्हा, भोलानाथ पाल, संजय दास, श्यामल मंडल, वैद्यनाथ वाद्यकर, नयन माजी, सजल दास आदि उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications