तेलंगाना: सीएम केसीआर का चुनावी वादा, सत्ता में वापसी पर बढ़ाएंगे आसरा पेंशन
मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने आसरा पेंशन बढ़ाने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सरकार इसकी डिटेल जारी कर देगी। वहीं सीएम ने रविवार को एक मेडिकल कॉलेज, पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कार्यालय, एक एकीकृत सब्जी और गैर-सब्जी बाजार के साथ-साथ सूर्यापेट में एक नए कलेक्टरेट भवन का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद सीएम ने प्रगति निवेदन बैठक को संबोधित किया, जहां उन्होंने राज्य में सत्ता में आने पर पेंशन राशि को 4,000 रुपये तक बढ़ाने के कांग्रेस के वादे का जवाब दिया।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने 50 वर्षों तक शासन किया। वो सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में केवल 200 रुपये देती थी। अब वे कहते हैं कि हमें एक मौका दीजिए, हम आपको 4,000 रुपये देंगे। क्या वे इसे छत्तीसगढ़ में दे रहे हैं, जहां उनका शासन है? क्या वे इसे कर्नाटक में दे रहे हैं? क्या वे इसे राजस्थान में दे रहे हैं?
वहीं उन्होंने जिले भर के 12 निर्वाचन क्षेत्रों में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के उम्मीदवारों को वोट देने के लिए लोगों से आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बीआरएस 2018 के चुनावों की तुलना में चार से पांच और क्षेत्रों में जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 50 साल के शासन में कुछ ना कर सकी, तो वो अब क्या ही करेगी।
उन्होंने लोगों को आगाह किया कि कांग्रेस शासन में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति नहीं होगी और धरणी पोर्टल को खत्म कर दिया जाएगा। धरणी रायथु बंधु और रायथु बीमा योजनाओं के कार्यान्वयन की कुंजी है।












Click it and Unblock the Notifications