अब Telangana BJP की कमान संस्कृति मंत्री के हाथ, पद छोड़कर बोले बंदी संजय- झूठी शिकायतें न करें विरोधी
Telangana BJP के पूर्व प्रमुख बंदी संजय ने अपने विरोधियों को पार्टी नेतृत्व के समक्ष झूठी शिकायतें दर्ज नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने ये अपील उस समय की जब नवनियुक्त अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने कार्यभार संभाला।
जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को तेलंगाना भाजपा प्रमुख का कार्यभार संभाला तो कुछ दिलचस्प घटनाक्रम सामने आए। किशन रेड्डी सहित सभी वक्ताओं ने बंदी संजय के नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की।

दरअसल, संजय की कार्यशैली के बारे में कई पार्टी नेताओं की शिकायतों की बातें सामने आईं। इसके बाद तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए गए। बंदी ने विरोधियों को सलाह दी कि वे पार्टी नेतृत्व के पास झूठी शिकायतें दर्ज न कराएं। किशन रेड्डी को सुचारू रूप से काम करने दें।
संजय ने कहा, "आपने दिल्ली जाकर मेरे खिलाफ शिकायत करके मेरे लिए बहुत परेशानी खड़ी कर दी है। मैं उन नेताओं से अनुरोध करता हूं कि वे किशन रेड्डी को परेशान न करें। शांति से काम करने दीजिए।"
बंदी संजय ने कहा, लाखों पार्टी कार्यकर्ताओं का भरोसा मत तोड़िए जो तेलंगाना में भाजपा को सत्ता में लाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। खबरों के अनुसार, एटाला राजेंदर सहित कई नेताओं ने संजय के नेतृत्व के बारे में अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
दिलचस्प बात ये भी है कि नेतृत्व परिवर्तन के बाद राजेंद्र खुद भी संजय की तारीफों के पुल बांधते दिखे। इस मौके पर आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी की उपस्थिति का भी जिक्र हुआ। बता दें कि किरण आंध्र विभाजन और तेलंगाना मूवमेंट के कट्टर विरोधी रहे हैं।
मुख्यमंत्री के रूप में विधानसभा के पटल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि वह तेलंगाना को एक भी पैसा नहीं देंगे। कई साल के बाद मुस्कुराते हुए किशन रेड्डी के बगल में खड़े किरण रेड्डी आज ऐसे समय में साथ हैं, जब कई भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को उनकी दोस्ती पसंद नहीं रही।
दरअसल, किरण कुमार रेड्डी का बयान, "यदि आंध्र प्रदेश का विभाजन किया गया तो तेलंगाना अंधकार में चला जाएगा, तेलंगाना के प्रति उनकी नफरत को दर्शाता है।" इसके बावजूद भाजपा के मंच पर उनकी मौजूदगी कई लोगों पसंद नहीं आई।
जाने-अनजाने, किशन रेड्डी का पदभार ग्रहण करना बंदी संजय की प्रशंसा का कार्यक्रम बन गया। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी संजय की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, संजय की पदयात्रा ने तेलंगाना का राजनीतिक परिदृश्य बदल दिया।
उन्होंने कहा, पदयात्रा के बाद भाजपा तेलंगाना की राजनीति में सबसे आगे आ गई। जावड़ेकर ने कहा, "पीएम मोदी ने विभिन्न सार्वजनिक बैठकों में संजय की पदयात्रा के बारे में उल्लेख किया है। यहां तक कि अन्य राज्य अध्यक्षों से भी ऐसी पदयात्रा करने के लिए कहा है।"
इससे पहले, नए भाजपा चीफ किशन रेड्डी ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी राज्य विधानसभा के आगामी चुनावों में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के साथ किसी भी प्रकार का गठबंधन या समझौता नहीं करेगी।
कार्यभार संभालने के बाद पार्टी पदाधिकारियों से किशन रेड्डी ने कहा, यह धारणा बनाने की कोशिश हो रही है कि लोगों के बीच भ्रम पैदा करने के लिए भाजपा ने बीआरएस के साथ किसी तरह की समझ बना ली है। हमारा लक्ष्य मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव को सत्ता से उखाड़ फेंकना है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए कमर कसने और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "अगले 100 दिन बहुत महत्वपूर्ण हैं। हमें अथक परिश्रम करना होगा, तभी हम बीआरएस को सत्ता से उखाड़ फेंकने में सक्षम होंगे।












Click it and Unblock the Notifications