Rajasthan: शेखावत के 'राजनीति का रावण' बयान पर CM गहलोत का पलटवार
शेखावत के बयान पर बोले सीएम गहलोत कि 'मैं तो उन्हें राम कह दूंगा, जब वो संजीवनी मामले के पीड़ितों को पैसे लौटा दें।'

Rajasthan: राजस्थान में चुनावी वर्ष के दौरान राजनीति गरमाती जा रही है। नौबत नेताओं की बयानबाज़ी में व्यक्तिगत छींटाकशी तक आने लगी है। विवादित बयान देकर नेता सुर्खियां तो बटोर रहे हैं, लेकिन इस प्रतिस्पर्धा में राजनीति का स्तर गिरने लगा है। इन सब के बीच एक केंद्रीय मंत्री और एक राज्य के मुख्यमंत्री के बीच बयानबाज़ी चरम पर पहुंची हुई है।
वार पर पलटवार, सीएम का आया जवाब
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत के मुख्यमंत्री को 'राजनीति का रावण' कहे जाने के विवादित बयान पर अब सीएम अशोक गहलोत का जवाबी बयान भी आया है। एक कार्यक्रम में पहुंचे सीएम गहलोत ने मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री के विवादित बयान पर पूछे सवाल पर चुटकी ली और जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'मुझे कोई ऐतराज़ नहीं है कि वो क्या बोलते हैं। मुझे तकलीफ इस बात की है कि करीब ढाई लाख लोग, जो बेचारे बर्बाद हो गए, किसी का 25 लाख किसी का 50 लाख किसी का 1 करोड़ रूपए गए, उनके पैसों का क्या होगा? उसका हिसाब वो दें।'
सीएम गहलोत ने आगे कहा, 'उन्हें (गजेन्द्र सिंह शेखावत) ज़मानत करवानी पड़ी हाईकोर्ट से क्योंकि वो मुल्ज़िम हैं इस मामले में, जबकि नाटक किया गया कि मैं मुल्ज़िम हूँ ही नहीं। फिर खुद झूठे साबित हुए, क्यों गए हाईकोर्ट के अंदर? क्यूँ सीबीआई की मांग कर रहे हैं वो? क्योंकि इतना बड़ा कांड है ये। इथोपिया में, ऑस्ट्रेलिया में छुपते रहते हैं ये, बड़े-बड़े फ़ार्म हाउस बना लिए हैं। संजीवनी और कई कंपनियां बनाई हैं।'
ओएसडी बोले, 'ये राजस्थान के लोगों का अपमान'
केंद्रीय मंत्री के मुख्यमंत्री पर विवादित टिप्पणी मामले में मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। एक ट्वीट प्रतिक्रिया में लोकेश शर्मा ने लिखा, 'गजेंद्र सिंह शेखावत जी का ये बयान बेहद निंदनीय है। इस तरह के बयान देकर केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री जी का नहीं बल्कि राजस्थान के उन तमाम लोगों का अपमान कर रहे हैं जो अपने सीएम को असीम प्यार और सम्मान देते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications