राजस्थान भाजपा में गुटबाजी नहीं, 2023 का विधानसभा चुनाव मोदीजी के नाम पर लड़ेंगे
राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया इन दिनों खूब दौरे कर रहे हैं। पूनिया ने सोमवार को बारां जिले में विभिन्न कार्याक्रमों में हिस्सा लिया। मोर्चा के संयुक्त सम्मेलन को सम्बोधित करते सतीश पूनिया ने कहा कि राजस्थान सरकार की नीतियों के कारण आमजन त्रस्त है। यहां सीएम अशोक गहलोत अलग व पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट अलग हैं। जल्द ही यह राजस्थान सरकार गिर जाएगी। साल 2023 में फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

सतीश पूनिया ने यह भी कहा कि भाजपा राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 पीएम मोदी के नाम पर लड़ेगी। भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है। इससे पहले पूनिया ने बमूलियां में दलित किसान के घर भोजन किया। इसके बाद बारां के लिए रवाना हो गए। सम्मेलन में कहा कि बेमौसम बारिश से उड़द व सोयाबीन फसल नष्ट हो गई, लेकिन अब तक राजस्थान सरकार ने कोई राहत नहीं दी।
किसानों को मुआवजा दिलवाने के लिए भाजपा आंदोलन करेगी। संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में विधायक मदन दिलावर ने कहा कि राजस्थान में जंगलराज है। असामाजिक तत्व और अपराधी बेखौफ हैं। आगामी दिनों में भाजपा सरकार आने पर असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। हेमराज मीणा ने कहा कि जिले में सोयाबीन, धान, उड़द की फसल नष्ट हो गई, लेकिन सरकार से राहत नहीं मिली। मंच पर प्रदेश प्रतिनिधि आनंद गर्ग, पूर्व विधायक ललित मीणा, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र नागर आदि मौजूद रहे।
सतीश पूनिया के बारां पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस पर पूनिया ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ' विद्यार्थी काल से मुख्यधारा की राजनीति तक मुझे लगभग 40 वर्ष हो गए लेकिन जिस तरीके का प्यार, स्नेह और अपनापन मुझे आज बारां की देवतुल्य जनता ने दिया उसका मैं जीवनभर आभारी रहूंगा'












Click it and Unblock the Notifications