कल हरियाणा में होगीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कुरुक्षेत्र में 3 योजनाओं का करेंगी शुभारंभ
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हरियाणा के 2 दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। 29 और 30 नवंबर को राष्ट्रपति हरियाणा में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। मंगलवार सुबह 10:30 बजे राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पहुंचेगी, जहां वे पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भगवद्गीता पर पुष्प अर्पित कर गीता पूजन करेंगी। राष्ट्रपति राज्य प्रदर्शनी, हरियाणा पवेलियन, शिल्प उद्यान का भी उद्घाटन करेंगी।

इन तीन परियोजनाओं की करेंगी शुरुआत
द्रौपदी मुर्मू 11:30 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के श्रीमद्भगवद्गीता सदन में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार में भाग लेंगी। यहीं से हरियाणा सरकार की 3 बड़ी परियोजनाओं का वर्चुअली शुभारंभ व शिलान्यास करेंगी। इनमें हरियाणा परिवहन में E-टिकटिंग सिस्टम, CM स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना और सिरसा जिले में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखा जाना शामिल है।
2023 में राज्य भर में लागू होगा ई-टिकटिंग सिस्टम
राष्ट्रपति श्रीमद्भगवद् गीता सदन से ही हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली का शुभारंभ करेंगी। प्रारंभिक चरण में 6 डिपो अर्थात चंडीगढ़, करनाल, फरीदाबाद, सोनीपत, भिवानी और सिरसा में ई-टिकटिंग परियोजना को लागू किया जाएगा। इसी तरह हरियाणा रोडवेज के शेष 18 डिपो में जनवरी 2023 के अंत तक परियोजना को पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा।
क्या है CM स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का भी शुभारंभ करेंगी। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के लोगों का हेल्थ चेकअप किया जाएगा। योजना के प्रथम चरण में अंत्योदय परिवार के लोगों को शामिल किया गया है। राष्ट्रपति सिरसा जिले में 21 एकड़ भूमि पर बनने वाले चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की भी आधारशिला रखेंगी।
ये रहेगा राष्ट्रपति का शेड्यूल
इन परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद दोपहर 2:30 बजे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कुरुक्षेत्र के 18 वें दीक्षांत समारोह में मुख्य-अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति 4:20 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचेगी, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद, करीब 5 बजे द्रौपदी मुर्मू स्टेट गेस्ट के तौर पर हरियाणा राजभवन, चंडीगढ़ पहुंचेगी।
30 नवंबर का ये रहेगा कार्यक्रम
30 नवंबर को अपने दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 6:30 बजे आशा वर्कर्स व अन्य हितधारकों से सीधा संवाद करेंगी और उनसे बेटी-बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के सफलता के बारे में जानेंगी। इसके अलावा, राष्ट्रपति हरियाणा के खिलाड़ियों और कुछ स्कूली छात्राओं से भी संवाद करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications