ओडिशा: सीएम नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर में झुग्गीवासियों को सौंपी नये मकानों की चाबियां, बोले- बेहद खुशी हो रही
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने झुग्गिवासियों को बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने भुवनेश्वर में झुग्गीवासियों के लिए तीन किफायती आवास परियोजनाएं (सुलभ बसगृह योजना) शुरू कीं। ये परियोजनाएं बुद्ध विहार, सत्य नगर शांतिपल्ली और सुबुधिपुर में स्थित हैं।
परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को नये मकानों की चाबियां सौंपी। इन तीनों परियोजनाओं में 1722 लाभार्थियों को आवास मिल चुके हैं। इन सभी परियोजनाओं का निर्माण भुवनेश्वर विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के विकास में झुग्गीवासियों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि गरीबों को अच्छे घर उपलब्ध कराकर उन्हें खुशी हो रही है। सीएम नवीन पटनायक ने चन्द्रशेखर के पास बुद्ध विहार का दौरा किया और सुलभ बसगृह योजना का उद्घाटन किया। पांच मंजिला किफायती आवास परियोजना शहरी क्षेत्रों में 'सभी के लिए आवास' कार्यक्रम के तहत 12 एकड़ भूमि पर बनाई गई है। 820 आवास पूर्ण हो चुके हैं और लाभार्थियों को दिए जा रहे हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए कुल 2600 मकान बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह सत्यनगर शांतिपाली में इन सीटू स्लम पुनर्विकास परियोजना के तहत कुल 1300 घरों का निर्माण किया जा रहा है। यह पहली परियोजना है जिसका उद्देश्य भुवनेश्वर टाउन सेंटर डिस्ट्रिक्ट (BTCD) क्षेत्र में स्लम क्षेत्रों में बदलाव लाना है। 560 आवासों का निर्माण कर लाभार्थियों को आवंटित किया गया है।
सुबुद्धिपुर में भी किफायती आवास परियोजना के तहत 342 आवासों का निर्माण कर लाभार्थियों को आवंटित किया गया है। इन परियोजनाओं में पेयजल आपूर्ति, जल निकासी व्यवस्था, सीवरेज प्रणाली, स्ट्रीट लाइटिंग, दुकानें, पुस्तकालय, वाचनालय, औषधालय आदि जैसी बुनियादी सुविधाएं हैं। इस अवसर पर 5टी और नबीन ओडिशा के अध्यक्ष वीके पांडियन उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- ओडिशा: भुवनेश्वर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने DMRC के साथ समझौता ज्ञापन पर किया हस्ताक्षर, जल्द दौड़ेगी मेट्रो












Click it and Unblock the Notifications