Odisha Family Planning : सास-बहू मॉडल से मिलेगी मदद, दंपती को वेडिंग गिफ्ट देगी सरकार
परिवार नियोजन बढ़ती जनसंख्या के बीच अहम उपाय साबित हो सकता है। ओडिशा में नई शादियों के बाद दंपती को वेडिंग गिफ्ट देने की तैयारियां की जा रही हैं।

Odisha Family Planning : 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' टीवी सीरियल के अलावा अब ओडिशा सरकार की स्कीम में भी शामिल होगी। सरकार परिवार नियोजन के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए बहुओं के साथ-साथ सास को भी जोड़ने के लिए तैयार है। बढ़ती जनसंख्या की समस्या से निजात पाने के लिए गर्भ निरोधकों का उपयोग अहम है। इसकी अहमियत समझते हुए नवीन पटनायक की सरकार ने परिवार नियोजन का पाठ पढ़ाने के लिए 'सास-बहू' शिखर सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक सरकार नव-विवाहित जोड़ों को 'शादी के उपहार' के रूप में कंडोम और गर्भनिरोधक गोलियों वाली एक किट भी प्रदान करेगी।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक गर्भनिरोधक और परिवार नियोजन जैसे मुद्दों पर कई समुदायों में बात नहीं होती। परिवार नियोजन निदेशक डॉ बिजय पाणिग्रही ने कहा कि सास-बहू सम्मेलन परिवार नियोजन के मिथकों और बाधाओं को तोड़ने के अलावा सास और बहू के बीच बेहतर बातचीत हो सकेगी। Odisha Family Planning मॉडल के तहत सभाओं में सास और बहू को एक आम मंच पर लाने में मदद मिलेगी। महिला सदस्यों के स्वास्थ्य, परिवार नियोजन के मुद्दों, रिक्ति और सीमित तरीकों पर चर्चा की जा सकेगी। इंटरैक्टिव सत्रों, लोक खेलों और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के माध्यम से परिवार नियोजन के विभिन्न उपाय सिखाए जाएंगे।
Recommended Video
परिवार नियोजन निदेशक ने बताया कि सरकार ने शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए बजटीय प्रावधान किया है। उन्होंने कहा, आशा वर्कर को कार्यक्रमों की व्यवस्था करने और सभी नवविवाहितों को उचित तरीके से किट उपहार में देने और उन्हें परिवार नियोजन के तरीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। उन्हें इसके लिए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साल में दो बार - जनवरी और जुलाई के दौरान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में नवविवाहित महिलाएं, हाई रिस्क गर्भवती महिलाएं और परिवार नियोजन के तरीके अपनाने वाले लोग भी शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications