नवगठित पांढुर्णा में सीएम शिवराज बोले-भविष्य में लाड़ली बहना योजना धनराशि बढ़ा कर 3000 रुपये कर दी जाएगी
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 से पहले भाजपा सरकार ने प्रदेश में दो नए जिले मैहर और पांढुर्णा का गठन किया है। नवगठित जिले पांढुर्णा के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे थे। इस मौके पर सीएम चौहान ने कई नवगठित जिलों को कई सौगात दी।

जनता की सेवा मेरे लिए भगवान की पूजा है
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा राज्य की जनता की सेवा मेरा काम और मिशन है। जनता की सेवा मेरे लिए भगवान की पूजा है।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की धनराशि बढ़ाकर 3000 कर दी जाएगी
सीएम ने कहा "राज्य की बहनों के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू की गई जिसके तहत 1000 रूपए हर माह हर लाड़ली बहन को देने की शुरूआत की गई थी। जिसे बढ़ाकर अब 1250 रूपए कर दिया गया है। सीएम ने दावा किया कि आगे इस योजना की धनराशि को बढ़ा कर 3 हजार रूपए तक किया जाएगा।"
मैं सरकार नहीं परिवार चलाता हूं
मुख्यमंत्री ने बताया "इस योजना से बहनों का घर-परिवार में मान-सम्मान बढ़ा है। बहनों की जिंदगी बदलना मेरा लक्ष्य है, उनकी आंखों में आंसू नहीं रहने देना है, उनके चेहरे पर मुस्कान लाना है। मैं सरकार नहीं परिवार चलाता हूं।"
विद्यार्थियों को दी जा रही कई सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया जो बच्चे पांचवी और आठवीं कक्षा उर्त्तीर्ण करके दूसरे गांव में पढ़ने जाते हैं उन्हें राज्य सरकार द्वारा साइकिल के लिए राशि दी जा रही है। कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप दे रहे हैं। अपनी शाला में कक्षा 12वीं में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी दी जा रही है। राज्य सरकार मेडिकल, इंजीनियरिंग, लॉ-कॉलेज और आईआईटी के विद्यार्थियों की फीस भरवा रही है।
किसानों के अकाउंट डाली गई सम्मान निधि
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि "किसानों के बैंक खाते में किसान सम्मान निधि के रूप में साल में 6 बार दो-दो हजार रूपए की राशि डाली जा रही है। किसान को हर वर्ष प्रधानमंत्री द्वारा पहले 6 हजार रूपये और मध्यप्रदेश शासन द्वारा 6 हजार रूपए, इस तरह 6 बार में कुल 12 हजार रूपए की राशि सम्मान स्वरूप दी जा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान का पांढुर्णा को जिला बनाये जाने पर जनता की ओर से अभिनंदन किया गया।"
इस अवसर पर नर्मदा घाटी विकास मंत्री गौरीशंकर बिसेन, भट्टी साहू, प्रकाश उइके, नाना भाऊ जी मोहोड़, चन्द्रभान चौधरी, जन-प्रतिनिधि और आमजन उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications