पंजाब: कृषि मंत्री कुलदीप धालीवाल की किसानों को लेकर बैठक, कहा-नई कृषि नीति समस्याएं करेगी हल
कैबिनेट मंत्री कुलदीप धालीवाल ने कहा कि पंजाब की नई कृषि नीति किसानों की समस्याएं हल करेगी।

चंडीगढ़: पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने किसानों की समस्याओं को लेकर बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 30 जून को जारी होने वाली नई कृषि नीति राज्य के किसानों की बहुत सी समस्याओं का हल करने में सहायक सिद्ध होगी। नई कृषि नीति किसानों, खेती माहिरों, किसान नेताओं, आम लोगों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के सुझावों के साथ तैयार की जा रही है, यह पंजाब के किसानों और कृषि को बचाने में अहम भूमिका अदा करेगी।
स्थानीय पंजाब भवन में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की मांगों सम्बन्धी तकरीबन 4 घंटे चली बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि नई कृषि नीति किसानों की आर्थिकता को बढ़ावा देने के मकसद से तैयार की जा रही है। इसके अलावा किसानों की बहुत सी मुश्किलों और समस्याओं के समाधान के लिए भी राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार संभावनाएं तलाश रही है कि किसानों द्वारा उगाई गईं सब्जियों और अन्य फसलों को पड़ोसी देशों में निर्यात किया जा सके। इस मकसद की पूर्ति के लिए पंजाब सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
किसान नेताओं द्वारा शूगर मिलों के बकाया जारी करने की रखी गई मांग बाबत धालीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक के बाद बहुत जल्द गन्ना-किसानों को उनकी बकाया राशि दे दी जाएगी। उन्होंने किसान नेताओं को आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के आर्थिक हालात सुधारने के लिए सार्थक कदम उठा रही है और किसानों की सभी जायज मांगे पूरी की जाएंगी। इस मौके पर अन्य बहुत से किसानी और पंजाब से जुड़े मुद्दों पर विचार-चर्चा हुई और किसानों की मांगों को कृषि मंत्री ने ध्यानपूर्वक सुनकर सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को हिदायतें और निर्देश जारी किए।












Click it and Unblock the Notifications