SYL मुद्दे पर इस दिन होगी अहम बैठक, सीएम भगवंत मान पहले की अपना रुख कर चुके हैं साफ
एसवाईएल के मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के मध्य एक और बैठक 4 जनवरी को होगी।

जालंधर: एसवाईएल के मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के मध्य एक और बैठक 4 जनवरी को होगी। इससे पहले दोनों मुख्यमंत्रियों ने एसवाईएल के मामले को लेकर आपस में बातचीत की थी परंतु इस बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकल सका था।
सरकारी हलकों ने बताया कि अब दूसरी बैठक पंजाब व हरियाणा राज्यों के मध्य होने जा रही है, जिसमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत शामिल होंगे। पहली बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य का कठोर स्टैंड लेते हुए हरियाणा को साफ कह दिया था कि पंजाब के पास अतिरिक्त पानी नहीं है, इसलिए हरियाणा को और पानी देने का सवाल ही पैदा नहीं होता।
एसवाईएल के मामले को लेकर जनवरी महीने में सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई होनी है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने दोनों राज्यों को कहा था कि वे आपसी सहमति से इस मामले को हल करें। चूंकि पहली बैठक में कोई नतीजा नहीं निकला था इसलिए दूसरी बैठक में अब केंद्रीय मंत्री भी शामिल होने जा रहे हैं ताकि इस मामले पर कोई सहमति बनाई जा सके। कहा जा रहा है कि एसवाईएल के मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर से अपना पुराना स्टैंड सामने रखेंगे। इसलिए ऐसी संभावना कम ही है कि दूसरी बैठक में भी पंजाब व हरियाणा के मध्य कोई सहमति बन पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications