पंजाब: AAP सरकार का एक्शन, सुंदर शाम तीसरे पूर्व मंत्री और पहले BJP नेता, जो किए गए हैं गिरफ्तार
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी की सरकार में गिरफ्तार सुंदर शाम अरोड़ा, साधू सिंह धर्मसोत और भारत भूषण आशु के बाद गिरफ्तार होने वाले तीसरे पूर्व मंत्री व कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले पहले नेता हैं। सूत्र बताते हैं कि कई और पूर्व मंत्री भी विजिलेंस के निशाने पर हैं। गौर हो कि सुंदर शाम अरोड़ा पूर्व मंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कुछ समय पहले अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भाजपा में विलय कर दिया था।

वहीं, अरोड़ा इससे पहले ही भाजपा में शामिल हो गए थे। आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में वन मंत्री साधू सिंह धर्मसोत को विजिलेंस ने वन घोटाले में गिरफ्तार किया था। उन्हें काफी मशक्कत के बाद पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिली है। पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को भी पिछले दिनों विजिलेंस की टीम ने उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह सैलून में बाल कटवा रहे थे।
भगवंत मान सरकार के निशाने पर कांग्रेस के एक और पूर्व मंत्री संगत सिंह गिलजियां भी हैं। उनके खिलाफ जंगलात घोटाले में मामला दर्ज किया गया है। गिलजियां की गिरफ्तारी के लिए विजिलेंस उनकी तलाश में जुटी है। गिलजियां लंबे समय से भूमिगत हैं और विजिलेंस के हत्थे नहीं चढ़ पा रहे हैं। इसके अलावा पूर्व स्पीकर राणा केपी सिंह भी विजिलेंस के निशाने पर हैं। वह भी भाजपा में शामिल होने दिल्ली गए थे लेकिन उन्हें पार्टी ने लेने से इनकार कर दिया था।
बाहर से करते थे दिखावा, अंदर से डरे थे
पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा दो बार विजिलेंस के पास बयान दर्ज करवाने पहुंचे। इस दौरान वह हर बार दिखावा करते थे कि वह काफी मजबूत हैं। मीडिया के सवालों के जवाब भी देते थे लेकिन अंदर से उन्हें विजिलेंस की जांच का डर सता रहा था। जब पिछली बार उनसे पूछताछ हुई तो उनसे विजिलेंस ने उन पर इंडस्ट्री घोटाले के आरोपों के बारे में ही जानकारी ली। इसके बाद वह काफी उखड़ गए थे। इसके बाद ही उन्होंने विजिलेंस को रिश्वत देने का प्लान बनाया।
मान सरकार पर हमें गर्व: जिंपा
उधर, मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने कहा कि उन्हें भगवंत मान सरकार पर गर्व है, जिन्होंने काबिल एवं ईमानदार अफसर नियुक्त किए। सुंदर शाम अरोड़ा ने अपने कार्यकाल में घोटाले कर हजारों करोड़ की संपत्तियां बनाई। उसकी जांच को प्रभावित करने के लिए विजिलेंस विभाग को रिश्वत देना इस बात का बड़ा सबूत है। अगर वह सच्चे होते तो जांच होने देते न कि जांच अधिकारियों को पैसे के दम पर खरीदने की कोशिश करते। हालांकि उनकी अपनी कांग्रेस की सरकार में मोहाली जेसीटी लैंड घोटाले व अन्य घोटालों के कारण उन्हें मंत्रिमंडल से निलंबित कर दिया गया था।
चुनाव के बाद और ईडी के डर से वह भाजपा में शामिल हो गए थे। यह भाजपा पर भी बड़ा सवालिया निशान है कि उन्होंने पंजाब में ऐसे कई भ्रष्ट नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर सत्ता के प्रति लालच को दिखाया है। जिंपा ने कहा कि आप की सरकार सुंदर शाम अरोड़ा की अर्जित काली कमाई से बनी बेनामी संपत्ति, कॉलोनी, शॉपिंग मॉल, स्कूल और अस्पताल समेत सभी की गहराई से जांच करवाएगी।












Click it and Unblock the Notifications