मनोहर लाल ने हरियाणा दिवस की प्रदेशवासियों को दी बधाई, कही ये खास बात
Haryana News: हरियाणा स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस दौरान सीएम खट्टर ने कहा, 'आईये...हरियाणा एक हरियाणवी एक की अवधारणा को और मजबूत करने का संकल्प लें।'
हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'सबतै पहलां सबनै राम-राम, प्रदेश मैं म्हारे हरि का नाम...पगड़ी बढ़ाती म्हारी शान, दामण-चुंदड़ी का सै म्हारा परिधान...देश की रखवाली करते म्हारे वीर-जवान।

सीएम खट्टर ने आगे लिखा कि लहलहाती फसलां मै म्हारे किसानां की पहचान, सबतै ज़्यादा मेडल लेकै आवैं म्हारे धाकड़ पहलवान... दादा लख्मी चंद बरगै कलाकार सै म्हारा मान, गीता उपदेश स्थली हरियाणा की धरती म्हारा अभिमान... मेरे परिवार, प्यारे प्रदेश वासियों को हरियाणा दिवस की हृदय तल से बधाई व शुभकामनाएं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो संदेश जारी करते हुए सीएम खट्टर ने कहा कि एक नवंबर 1966 को पंजाब से अलग कर हरियाणा की स्थापना की गई थी। जब हरियाणा एक अलग राज्य बना तो उस वक्त संसाधनों की कमी थी और बहुत से लोगों के दिमाग में कई तरह के संशय थे। लेकिन हरियाणा के लोग अपनी कड़ी मेहनत से राज्य को प्रगति के पथ पर आगे लेते गए।
सीएम खट्टर ने कहा कि हरियाणा की प्रगति में योगदान देने वाले राज्य के कर्मचारियों की भी सराहना की। हरियाणा को उसके समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के लिए जाना जाता है। हरियाणा के 57 वर्ष के सफर के बारे में खट्टर ने कहा कि हरियाणा भले ही देश के भौगलिक क्षेत्र का मात्र 1.34 प्रतिशत और आबादी में 2.09 प्रतिशत हिस्सा रखता हो।
लेकिन, देश के सकल घरेलू उत्पाद में उसका योगदान चार प्रतिशत है। खट्टर ने कहा,'हमारी प्रति व्यक्ति आय करीब तीन लाख रुपये है, जो 1966 में 343 रुपये थी। 1966 में राज्य का निर्यात साढ़े चार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 2.50 लाख करोड़ रुपये हो गया है।' कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) एकत्र करने के मामले में भी राज्य काफी आगे है।












Click it and Unblock the Notifications