मनीष सिसोदिया ने सड़क निर्माण एजेंसियों को दी चेतावनी- लापरवाही होने पर होगी सख्त कार्रवाई
नई दिल्ली: उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि सड़कों के निर्माण और सुंदरीकरण कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क सुरक्षा से जुड़े मानकों का सभी को विशेष ध्यान रखना होगा। इसमें कोताही बरतने वाले अफसरों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सिसोदिया मंगलवार को 16 सड़कों के सुंदरीकरण कार्य की समीक्षा कर रहे थे। सिसोदिया ने कहा कि सभी जेई व एई अपने अधीन आने वाली सड़कों पर चल रहे सुंदरीकरण के काम सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करें। निर्माण कार्य के दौरान अधिकारी मौके पर जाकर औचक निरीक्षण करें और सामग्री की गुणवत्ता की जांच करें। इस बीच यदि किसी ठेकेदार द्वारा अनियमितता की शिकायत मिलती है तो उस पर जुर्माना लगाया जाए।
इसके बावजूद यदि मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है तो ऐसे ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सुंदरीकरण के बाद दिल्ली की सड़कों को एक नया रूप मिलेगा, लेकिन हमें इस पूरी परियोजना के दौरान इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि निर्माण कार्य से आम जनता को किसी तरह की परेशानी न होने पाए।












Click it and Unblock the Notifications