AAP Mega Rally: महारैली तय करेगी 'आप' के लिए आम चुनाव का रुख, दिल्ली में आठ वर्ष से पूर्ण बहुमत में है पार्टी
इस महारैली के बाद पार्टी दूसरे राज्यों में भी इसी तरह की बड़ी रैलियां करेगी। पार्टी का शुरू होने जा रहा, यह अभियान अगले आम चुनाव तक जारी रहेगा।

आम आदमी पार्टी (आप) की रामलीला मैदान में रविवार होने जा रही महारैली भले ही अधिकारियों के तबादला-नियुक्ति को लेकर केंद्र की ओर से लाए गए अध्यादेश के खिलाफ है, लेकिन यह महारैली आप के लिए अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव का रुख भी तय करेगी।
इस महारैली के बाद पार्टी दूसरे राज्यों में भी इसी तरह की बड़ी रैलियां करेगी। पार्टी का शुरू होने जा रहा यह अभियान अगले आम चुनाव तक जारी रहेगा।
इस महारैली के जरिये पार्टी का केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन अभियान भी तेज होगा। रैली को मुख्यरूप से आप के राष्ट्रीय संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान संबोधित करेंगे।
दिल्ली में आठ वर्ष से पूर्ण बहुमत में है AAP
पार्टी ने कहा है कि रैली में दिल्ली के लोगों से ही पहंचने की अपील की गई है और मंच पर केवल पार्टी के नेता ही मौजूद रहेंगे। दिल्ली की सत्ता में आप आठ वर्ष से पूर्ण बहुमत में है। इसके बाद वर्ष 2022 में हुए नगर निगम चुनाव में भी आप सत्ता में आ गई है।
दिल्ली सरकार के साथ नगर निगम में भी सत्ता में आने के बाद आप की यह पहली ऐसी रैली है, जिसे रामलीला मैदान में आयोजित किया जा रहा है। महारैली में आप भीड़ जुटाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। आप सरकार के मंत्रियों, विधायकों और पार्षदों ने अपने-अपने इलाके में इसके लिए माहौल बनाया है।
केंद्र के खिलाफ अपने अभियान की घोषणा कर सकती है आप
माना जा रहा है कि महारैली में भीड़ जुटेगी और रैली में केंद्र सरकार के खिलाफ आप अपने अभियान की घोषणा भी कर सकती है।
पार्टी की रणनीति है कि जिस तरह केंद्र सरकार दिल्ली में अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति को लेकर अध्यादेश लेकर आई है और सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आप सरकार को अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति का मिला अधिकार वापस ले लिया है, आप सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से उसे हासिल करने की कोशिश तो करेगी ही, राजनीतिक तौर पर भी इसे लेकर देशभर में अभियान चलाकर भाजपा को घेरेगी।
आप के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले देश के चार राज्यों- हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी पार्टी इसी तरह की बड़ी रैलियां करेगी। इन चारों राज्यों में लोकसभा से पहले विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जहां आप केंद्र के अध्यादेश को तानाशाही बताकर जनता के बीच अपनी बात रखेगी।












Click it and Unblock the Notifications