मध्य प्रदेश निकाय चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी, उम्मीदवारों को लेकर किया बड़ा ऐलान
भोपाल, 3 जून: देश में तेजी से पैर पसार रही अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी अब मध्य प्रदेश में अपना वर्चस्व स्थापित करने की तैयारी में है। पार्टी पहले से ही दिल्ली और पंजाब में सत्ता संभाल चुकी है। अब वह प्रदेश में होने वाले आगामी निकाय चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने जा रही है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन सहित सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद में आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी।

आप कार्यकर्ताओं ने कहा है कि पार्टी भाजपा और कांग्रेस से पहले अपने उम्मीदवारों के नाम का खुलासा कर देगी वहीं चुनाव सड़क-पानी जैसे मुद्दों पर लड़ा जाएगा। निकाय चुनावों में आप की एंट्री से भोपाल, इंदौर सहित अन्य शहरों में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता क्योंकि पिछले कुछ समय से जनता ने केजरीवाल की नीतियों पर भरोसा जताया है।
जनता के बीच से आएंगे उम्मीदवार
आप ने फैसला किया है कि वह अपने टिकट पर उन्हीं लोगों को चुनाव लड़ने का मौका देगी, जो साफ सुथरी छवि वाले होंगे। आप की कैंडिडेट लिस्ट में डॉक्टर्स, इंजीनियर्स जैसे पढ़े लिखे लोग शामिल हैं। पंजाब में जीत के बाद से प्रदेश में आप के साथ लगभग 38 हजार से ज्यादा नए सदस्य जुड़े। पार्टी के मध्य प्रदेश में ढाई लाख से ज्यादा सदस्य हो गए हैं।
आप के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव सीधे तौर पर जनता से जुड़े होते हैं। इसलिए सड़क, पानी, बिजली, सीवेज आदि मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाएगा। जीतने पर दिल्ली की तरह पानी बिल पर छूट का फायदा यहां पर भी देंगे। बता दें कि राज्य में नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा हो चुकी है। 6 और 13 जुलाई को चुनाव दो चरण में आयोजित किए जाएंगे। 11 से 18 जून के बीच नामांकन दाखिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications