अबुआ आवास योजना को सीएम हेमंत सोरेन ने प्रदान की स्वीकृति, 16,320 करोड़ आएगी लागत
Jharkhand News: गरीबों के लिए एक अच्छी खबर झारखंड से आई है। हेमंत सोरेन सरकार ने गरीबों के लिए अबुआ आवास योजना की स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के तहत आवास विहीन गरीब लोगों पक्का आवास मिलेगा।
ऐसा बताया जा रहा है कि इस परियोजना पर 16,320 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सीएम सोरेन ने 15 अगस्त को परियोजना के कार्यान्वयन का वादा किया था, जो अब पूरा होता नजर आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, योजना के तहत आवास विहीन गरीब लोगों के लिए 8 लाख पक्का आवास निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है।

इसके तहत प्रथम चरण वित्तीय वर्ष 2023-24 में 02 लाख, 2024-25 में 03 लाख 50 हजार एवं 2025-26 में 02 लाख 50 हजार पक्का आवास का निर्माण किया जाएगा। 16 हजार 320 करोड़ रुपए की लागत से तीन चरणों में आवास का निर्माण होगा। अबुआ आवास योजना के अंतर्गत तीन कमरों का पक्का मकान एवं रसोई घर बनाया जाएगा, जिसका क्षेत्रफल 31 वर्ग मीटर होगा।
योजना अंतर्गत तीन कमरों सहित स्वच्छ रसोई घर का प्रावधान किया गया है। योग्य लाभुकों के लिए योजना के तहत आवास निर्माण के लिए सहयोग राशि बढ़ाकर दो लाख रुपए करने का प्रावधान हुआ है। साथ ही, लाभार्थी को मनरेगा अंतर्गत अपने आवास के निर्माण के लिए वर्तमान मजदूरी (समय समय पर संशोधित) दर पर अधिकतम 95 अकुशल मानव दिवस के समतुल्य आवास योजना अंतर्गत आवास निर्माण के लिए प्राप्त होगा।
योजना का लाभ कच्चे घरों में रहने वाले परिवार, आवास विहीन एवं निराश्रित परिवार, विशेष रूप से कमजोर परिवार, प्राकृतिक आपदा के शिकार परिवार,जिन्हें राज्य सरकार अथवा केन्द्र सरकार द्वारा संचालित आवास योजना यथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण / बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर आवास योजना / बिरसा आवास योजना / इंदिरा आवास योजना इत्यादि आवास का लाभ नहीं दिया गया हो उन्हें मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications