हरियाणा: अनिल विज बोले, हरियाणा में कबूतरबाजी खत्म करेंगे, बख्शेंगे नहीं
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि कबूतरबाजी के केस हरियाणा में बढ़ते जा रहे हैं और पहले भी उन्होंने IG भारती अरोड़ा के नेतृत्व में SIT बनाई थी।

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि "हरियाणा से कबूतरबाजी को पूरी तरह से खत्म करेंगे, इस मामले में छोटा या बड़ा, जो भी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लोग अपनी मेहनत की कमाई, अपनी जमीन, जेवर, मकान तक बेचकर विदेश जाने के लिए पैसे देते हैं और यह कबूतरबाज लोगों से खिलवाड़ करते हैं। हरियाणा में इन सबको कुचलकर खत्म किया जाएगा।
विज ने कहा कि कबूतरबाजी के केस हरियाणा में बढ़ते जा रहे हैं और पहले भी उन्होंने IG भारती अरोड़ा के नेतृत्व में SIT बनाई थी। तब SIT ने 589 लोगों को गिरफ्तार कर इस पर लगाम लगाई थी। अब दोबारा मामले आ रहे हैं इसलिए अंबाला रेंज के IG शिबास कबिराज के नेतृत्व में SIT गठित की गई है।
टोल फ्री नंबर पर मिली 8 शिकायतें
विज ने कहा कि SIT ने काम करना शुरू कर दिया है। एक टोल फ्री नंबर 8053003400 जारी किया है, जिस पर लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। जब से टोल फ्री नंबर जारी किया है तब से 8 शिकायतें भी आ चुकी हैं। इसमें पुराने 165 पेंडिंग केसों को भी SIT ने निगरानी में लिया है। यह फैसला भी किया गया है कि SIT के साथ हर जिले में DSP हैडक्वार्टर नोडल अधिकारी होगा और SIT उनके संपर्क में रहकर कार्रवाई करेगी।
कानून व्यवस्था को लेकर अब रेंज वाइस बैठक होगी
कानून व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए अब प्रदेश में रेंज स्तर पर बैठक होंगी। गृह मंत्री ने कहा कि वह मुख्यालय में पुलिस विभाग से बैठक करते-रहते हैं, मगर अब उन्होंने हर रेंज वाइस बैठक करने का निर्णय लिया है। आज वह गुरुग्राम में लॉ-ऑडर की स्थिति का जायजा लेने के लिए बैठक कर रहे है, जिसमें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications