हरियाणा : नए साल पर करनाल-यमुनानगर रेल लाइन का तोहफा
हरियाणा सरकार को नए साल पर करनाल-यमुनानगर रेल लाइन का तोहफा मिल सकता है। सरकार की ओर से केंद्रीय रेल मंत्री को इसके लिए रिमाइंडर भेजा गया है।

चंडीगढ़, 25 दिसंबरः हरियाणा सरकार को नए साल पर करनाल-यमुनानगर रेल लाइन का तोहफा मिल सकता है। सरकार की ओर से केंद्रीय रेल मंत्री को इसके लिए रिमाइंडर भेजा गया है। CM मनोहर द्वारा भेजे रिमाइंडर में बताया गया है कि हरियाणा इस प्रोजेक्ट के अलावा हिसार एयरपोर्ट की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए भी काम कर रहा है। अधिकारियों को इसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाने को कहा गया है।
1040 करोड़ ऋण की मंजूरी
हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HRIDC) को रेल अवसंरचना परियोजनाओं के लिए एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) से 128 मिलियन अमरीकी डॉलर (1040 करोड़ रुपए) का ऋण की मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राज्य के अधर में लटके रेल प्रोजेक्टों में तेजी से काम करने के निर्देश HRIDC को दिए हैं।
इन प्रोजेक्टों को हो रही रिपोर्ट तैयार
IGI एयरपोर्ट दिल्ली और महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट, हिसार वाया बिजवासन-गुरुग्राम, बसई-धनकोट, सुल्तानपुर-फरुखनगर, झज्जर, अस्थल बोहर-रोहतक, डोभ-भाली, हांसी-हिसार एयरपोर्ट के बीच रेलवे कनेक्टिविटी के लिए एचआरआईडीसी एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर रहा है। न्यू रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में उत्कृष्टता के लिए अर्बन इंफ्रा ग्रुप द्वारा रेल क्षेत्र में अच्छी तरह से स्थापित कंपनियों के साथ एचआरआईडीसी को सम्मानित किया गया है।
सिरसा से चंडीगढ़ चलेगी सीधी ट्रेन
हरियाणा सरकार की ओर से हिसार-भिवानी-रोहतक-पानीपत-अंबाला होते हुए सिरसा से चंडीगढ़ के बीच सीधी ट्रेन चलाने के लिए उत्तर रेलवे से अनुरोध किया गया है। राज्य में बेहतर रेल प्रबंधन के लिए एचआरआईडीसी का गुरुग्राम में स्थायी प्रधान कार्यालय बनाया जाएगा, जिसके लिए राज्य सरकार ने सेक्टर 32 में एक भूखंड आवंटित कर दिया है।
भूमि अधिग्रहण के निर्देश
राज्य में रेल संपर्क विस्तार के लिए हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने के सीएम मनोहर लाल ने निर्देश दिए हैं। इसके तहत 130 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में सोहना से पलवल तक 17 स्टेशनों वाली एक नई दोहरी रेल लाइन बादली, मानेसर और सोहना से होकर कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे के साथ-साथ चलेगी।












Click it and Unblock the Notifications