हरियाणा: रतन लाल कटारिया के आवास पहुंचे CM खट्टर, बीजेपी सांसद को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रतन लाल कटारिया के निधन पर ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने लिखा है, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया जी के निधन से मन अत्यंत दुःखी है।

हरियाणा की अंबाला लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद रतन लाल कटारिया का आज निधन हो गया। कटारिया लंबे समय से बीमार चल रहे थे और वे चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती थे। बीजेपी सांसद के निधन पर राजनेताओं ने दुख जताया है। इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रतन लाल कटारिया के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सीएम खट्टर ने बीजेपी सांसद के परिवार से बातचीत कर ढांढस बंधाया।
कटारिया के निधन पर किया ट्वीट
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रतन लाल कटारिया के निधन पर ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने लिखा है कि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया जी के निधन से मन अत्यंत दुःखी है। उन्होंने समाज के हित और हरियाणा के लोगों की उन्नति के लिए हमेशा संसद में आवाज़ उठाई। उनका चले जाना राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी जताया दुख
पीएम मोदी ने भी बीजेपी सांसद रतन लाल कटारिया के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि सार्वजनिक सेवा और सामाजिक न्याय के लिए रतन लाल कटारिया जी के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।












Click it and Unblock the Notifications