हरियाणा: दहेज उत्पीड़न मामले में कार्रवाई न होने पर अनिल विज सख्त, IO हटाकर DSP से जांच कराने के निर्देश
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने यमुनानगर में दहेज उत्पीड़न मामले में विवाहिता द्वारा सात माह पहले केस दर्ज कराने के बावजूद कार्रवाई न होने पर कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने एसपी यमुनानगर को फोन लगाते हुए आईओ (जांच अधिकारी) को हटाकर डीएसपी से जांच कराने के निर्देश दिए।
साथ ही कार्रवाई में विलंब होने की दस दिनों में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश भी दिए। विज आज अंबाला में अपने आवास पर प्रदेश भर से आए सैकड़ों लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। आज भी प्रतिदिन की ही तरह उनके आवास पर फरियादियों की लंबी-लंबी कतारें लगती रही।

यमुनानगर से आई विवाहिता ने अपनी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2023 में उसके द्वारा यमुनानगर में दहेज उत्पीड़न मामले का केस दर्ज कराया गया था जबकि शिकायत इससे कई माह पहले दी थी। उसका आरोप था कि पुलिस की ढुलमुल कार्रवाई की वजह से उसका पति विदेश के लिए फरार हो चुका है। मगर पुलिस ने अप्रैल से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की।
गृह मंत्री अनिल विज ने एसपी यमुनानगर को फोन लगाते हुए नाराजगी जताई और आईओ को हटाकर डीएसपी को जांच के निर्देश दिए।
इसी प्रकार, सिरसा में गत दिनों होटल में युवक की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने गृह मंत्री अनिल विज को अपनी शिकायत दी। उनका आरोप था कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया, गृह मंत्री ने एसपी सिरसा को एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए। इसके लिए परिजनों ने गृह मंत्री का धन्यवाद जताया। गौरतलब है कि युवक की मौत के उपरांत लोगों ने शव रखकर प्रदर्शन किया था।












Click it and Unblock the Notifications