पंजाब के पहले वर्किंग वुमेन हॉस्टल की रखी आधारशिला,2.17 करोड़ रुपए की लागत से होगा निर्माण
कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने पंजाब के पहले वर्किंग वुमेन हॉस्टल की जालंधर में आधारशिला रखी।

जालंधर: पंजाब के महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक सुरक्षा मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आज जालंधर के गांधी वनिता आश्रम में अपनी तरह के पहले हॉस्टल की आधारशिला रखी। इस हॉस्टल पर 2.17 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी, जिसमें 100 महिलाओं के रहने की व्यवस्था के साथ-साथ छोटे बच्चों की देखभाल के लिए क्रैच का प्रबंध भी होगा।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि विभाग द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही है, जिनमें कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल की भी योजना एक है। इसी योजना अधीन पंजाब सरकार अलग-अलग शहरों में वर्किंग वुमेन हॉस्टल बनाने की योजना बना रही है, जिसकी शुरुआत आज जालंधर से की गई है। इन हॉस्टलों में जहां 100 कामकाजी महिलाओं के ठहरने का प्रबंध होगा, वहीं हॉस्टल में क्रैच भी खोले जाएंगे, ताकि महिलाएं अपने छोटे बच्चों को क्रैच में छोड़ कर बिना चिंता अपने काम पर जा सकें।
कैबिनेट मंत्री ने इस योजना को महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।उन्होंने कहा कि यह योजना जरुरतमंद महिलाओं में आत्म-सम्मान की भावना पैदा करने के साथ-साथ सुरक्षित माहौल देने में मदद करेगी। हॉस्टल की सुविधा कामकाजी महिलाओं, जो अकेली, विधवा, तलाकशुदा, विवाहित आदि ले सकती है, बशर्ते उनके पति या नजदीकी परिवार उस शहर/क्षेत्र में न रहते हो। इसके इलावा समाज के पिछड़े वर्ग की महिलाओं और विकलांगों को विशेष पहल दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कई महिलाएं दूसरे शहरों में घर से बाहर काम नहीं कर पाती है क्योंकि उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक आवास नहीं मिलता है, जो महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में बाधक है। उन्होंने कहा कि अगर कामकाजी महिलाओं को इस प्रकार के होस्टलों की सुविधा मिल जाए तो वे घर से बाहर बड़े शहरों में काम करने या नौकरी पाने से नहीं हिचकेंगी, जिससे महिलाओं के विकास के साथ-साथ पंजाब का भी विकास होगा।












Click it and Unblock the Notifications