सरकारी अस्पतालों में मरीजों के परिजनों को मिलेगा सस्ता खाना, दिल्ली सरकार का आदेश
दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों, कर्मचारियों व मरीजों के परिजनों के भोजन के लिए दो कैफेटेरिया खुलने का निर्देश दिया गया है।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हाल में एक आदेश जारी हुआ है। इस आदेश में दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों, कर्मचारियों व मरीजों के परिजनों के भोजन के लिए दो कैफेटेरिया खुलने का निर्देश दिया गया है। इस आदेश के आते ही स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के पूर्व महानिदेशक डा.अशोक कुमार के नेतृत्व में छह सदस्यीय कमेटी गठित की है।

यह कमेटी दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में खुलने वाले कैफेटेरिया के लिए जगह की पहचान करके स्वास्थ्य विभाग को भेजेगी। इसके बाद जल्द ही सरकारी अस्पतालों में मरीजों के परिजनों के लिए सस्ते शुल्क पर स्वादिष्ट भोजन मिल सकेगा। अस्पतालों में खुलने वाले ये कैफेटेरिया अस्पतालों में 24 घंटे खुले रहेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के आदेश में पहले ही साफ लिखा हुआ है कि मरीजों के परिजनों के लिए बनने वाले ये कैफेटेरिया अस्पताल में बेडों के हिसाब से बनाए जाएंगे। अगर किसी अस्पताल में 500 से अधिक बेड है तो उसमें एक हजार से डेढ़ हजार वर्ग फुट जगह में कैफेटेरिया की व्यवस्था की जाएगी। अगर अस्पताल में 500 से कम बेड हैं उसमें कैफेटेरिया 800 से एक हजार वर्ग फुट में बनाया जाएगा।
इसके साथ ही अस्पतालों में डाक्टरों व कर्मचारियों के लिए अलग से 500 से 800 वर्ग फुट में कैफेटेरिया शुरू होगा। दिल्ली सरकार का मकसद है कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों के परिजनों को कम पैसों में स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जा सके। क्योंकि मरीजों के साथ आने वाले परिजन बाहर से मंहगा खाने खाते हैं और वह खाना स्वादिष्ट भी नहीं रहता है, इसलिए दिल्ली सरकार यह कदम उठा रही है। यह कैफेटेरिया दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाले 39 अस्पतालों में खुलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications