दिल्ली की शिक्षा मंत्री बोलीं- जो काम करने की BJP कल्पना नहीं कर सकती...वो हमने कर दिखाया
अगली कक्षा में छात्र कैसे इसे बेहतर कर सकते हैं इसके बारे में बताया जाएगा। जीनत महल के एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य ने कहा, स्कूल के सभी शिक्षक पीटीएम के दौरान प्रत्येक अभिभावक को पांच से 10 मिनट देंगे।

दिल्ली नगर निगम और दिल्ली सरकार के स्कूलों में आज रविवार को पहली बार संयुक्त रूप से मेगा पीटीएम का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी के एक हजार से अधिक सरकारी स्कूलों और निगम के 1532 स्कूलों में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) के आयोजन के लिए स्कूल प्रशासन की ओर से खास तैयारी की गई है।
"अब बदलेगी एमसीडी के स्कूलों की सूरत"
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली में आज एमसीडी और दिल्ली सरकार के स्कूलों में एक साथ मेगा पीटीएम (PTM) हो रही है। जिस तरह दिल्ली सरकार के स्कूलों को सभी बच्चों, टीचर्स और अभिभावकों के साथ मिलकर बदला है, ऐसे ही अब एमसीडी के स्कूलों को भी मिलकर बदलेंगे।"
अब हर अभिभावक बनेगा बच्चों की शिक्षा में भागीदार- आतिशी
इसी कड़ी में दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने राजधानी के स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर विपक्षी दल भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, "पहली बार, दिल्ली सरकार और MCD के सभी स्कूलों ने साथ मिलकर #दिल्ली_की_मेगा_PTM का आयोजन किया है। शिक्षा के लिए जो काम भाजपा करने की कल्पना भी नहीं सकती थी, वो काम अरविंद केजरीवाल के विजन के तहत आम आदमी पार्टी ने एमसीडी की सत्ता में आते ही कर दिया है। अब हर अभिभावक बच्चों की शिक्षा में भागीदार बनेगा।"
गौरतलब है कि शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को इसे आयोजित करने के लिए कहा था। निदेशालय के अधिकारी ने कहा था कि मेगा पीटीएम तीसरी से आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए आयोजित हो रही है। इसमें कक्षा शिक्षक प्रत्येक छात्र के अभिभावक को मिशन बुनियाद कार्यक्रम के साथ बच्चे की मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मकता के बारे में बताएंगे।
वहीं, शिक्षकों ने बच्चे के पढ़ने और बुनियादी गणित करने के स्तर का जो डाटा एकत्रित किया था, उसे वे अभिभावकों के साथ साझा करेंगे। शिक्षकों को इस दौरान अभिभावकों को यह भी समझाना होगा कि छात्रों में मूलभूत शिक्षण कौशल का निर्माण करना और नियमित स्कूल भेजना कितना महत्वपूर्ण है। इस दौरान अभिभावकों को समर कैंप के बारे में भी बताया जाएगा।
छात्रों से मिले फीडबैक होंगे महत्वपूर्ण
जामा मस्जिद स्थित सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि मेगा पीटीएम के लिए सभी अभिभावकों को सूचना दे दी गई है। इसमें हर छात्र के बारे में उनके अभिभावकों को बताया जाएगा। छात्रों की पिछली कक्षा में उनकी पढ़ने व गुणा-भाग करने की स्थितियों की समीक्षात्मक रिपोर्ट भी अभिभावकों को बताई जाएगी।
अगली कक्षा में छात्र कैसे इसे बेहतर कर सकते हैं इसके बारे में बताया जाएगा। जीनत महल के एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य ने कहा कि स्कूल के सभी शिक्षक पीटीएम के दौरान प्रत्येक अभिभावक को पांच से 10 मिनट देंगे।












Click it and Unblock the Notifications